शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर प्रस्तुत धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई चुनौतियों के बावजूद राज्य सरकार ने बेहतरीन काम किया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी विधायक दल पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि भाजपा हिमाचल विरोधी है। आपदा के समय जब हिमाचल में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का प्रस्ताव आया, तब भाजपा इसके साथ खड़ी नहीं हुई।मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा में वर्चस्व की लड़ाई है और पार्टी पांच गुटों में बंटी हुई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को आजकल बहुत ज्यादा गुस्सा आता है। केंद्र का भी भारतीय जनता पार्टी पर अत्यधिक दबाव है। उन्होंने भाजपा विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर पर भी निशाना साधा और कहा कि वे तथ्यहीन बातें करते हैं। उन्होंने सदन में जो बात कही, अगर उसे साबित नहीं कर सके तो उन्हें अपनी सदस्यता छोड़ देनी चाहिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि शनिवार को बजट पेश किया जाएगा। इस बजट में कई बड़ी चुनौतियां हैं, हालांकि इसमें आम आदमी का पूरा ध्यान रखा जाएगा। आरडीजी बंद होने का असर बजट पर निश्चित तौर पर होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेट्रोल के दाम बढ़ने का असर पहाड़ी राज्य पर होगा।वे पेट्रोल का दाम बढ़ने का विरोध करते हैं।
