नाहन को पानी, पार्किंग, मेडिकल कॉलेज और विकास भाजपा ने दिया, कांग्रेस ने केवल ताले और अव्यवस्था दी : डॉ. राजीव बिंदल

Spread the love

नाहन, मीनाक्षी।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने नाहन नगर परिषद चुनावों को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में नाहन की तस्वीर और तकदीर बदलने का कार्य किया, जबकि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने पिछले तीन वर्षों में विकास कार्यों पर पूरी तरह विराम लगा दिया है।डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस के नेता सवाल पूछ रहे हैं कि भाजपा ने 10 वर्षों में क्या किया, जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस 40 वर्षों तक नाहन की जनता को पर्याप्त पेयजल तक उपलब्ध नहीं करवा सकी। लोगों को टैंकरों के भरोसे छोड़ दिया गया था। भाजपा सरकार ने गिरी गंगा का पानी घर-घर पहुंचाकर नाहन की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अब उस व्यवस्था को भी ठीक से संचालित करने में विफल साबित हो रही है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में नाहन में व्यापक विकास कार्य हुए। महाराणा प्रताप पार्क, रानी झांसी पार्क, हिमाचली पार्क, गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर गोविंदगढ़ पार्क तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर अंबेडकर पार्क का निर्माण किया गया। इसके अतिरिक्त बस अड्डे के ऊपर हिमाचल प्रदेश की सबसे आधुनिक मल्टी स्टोरेज पार्किंग बनाई गई। ढाबों, शिमला रोड और गुरु गोविंदगढ़ मोहल्ला में पार्किंग सुविधाएं विकसित की गईं। गुरु रविदास मोहल्ला में मल्टी स्टोरी रविदास भवन और वाल्मीकि मोहल्ला में वाल्मीकि भवन का निर्माण भी भाजपा सरकार की उपलब्धियों में शामिल है।डॉ. बिंदल ने कहा कि वार्ड नंबर 3, 4 और 5 के बीच स्थित खंडहर, जो नशे के अड्डे बन चुके थे, उन्हें हटाकर वहां भव्य बारात घर बनाने की योजना बनाई गई थी, लेकिन कांग्रेस सरकार ने उस दिशा में एक कदम भी आगे नहीं बढ़ाया। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में वर्तमान सरकार ने नाहन शहर को एक फूटी कौड़ी तक नहीं दी, जिसके कारण शहर लगातार पिछड़ता जा रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के समय तेजी से बन रहा मेडिकल कॉलेज, जो नाहन की पहचान और हजारों युवाओं के रोजगार का केंद्र बनने जा रहा था, कांग्रेस सरकार ने उसे अधूरा छोड़ दिया। डॉ. बिंदल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए ₹261 करोड़ का हिसाब कांग्रेस सरकार आज तक नहीं दे पाई है। उन्होंने कहा कि 2024 में नर्सिंग कॉलेज के लिए ₹70 करोड़ और माता एवं शिशु अस्पताल के लिए ₹20 करोड़ दिए गए, लेकिन आज तक वह परियोजनाएं अधूरी पड़ी हैं और मरीज परेशान हैं।पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने “व्यवस्था परिवर्तन” और “नए दौर” के नाम पर जनता को गुमराह किया, लेकिन तीन वर्षों में न नया दौर आया और न व्यवस्था परिवर्तन हुआ, बल्कि व्यवस्था का पतन जरूर हुआ। उन्होंने कहा कि महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह, युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरियां, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों से गोबर खरीद और युवाओं के लिए स्टार्टअप फंड जैसे सभी वादे पूरी तरह झूठ साबित हुए।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने उल्टा बिजली, पानी, सीमेंट, स्टांप ड्यूटी और एचआरटीसी किराए बढ़ाकर जनता पर आर्थिक बोझ डालने का काम किया। आज कर्मचारी, पेंशनर, बेरोजगार और महिलाएं सभी इस सरकार से त्रस्त हैं।भाजपा नेताओं ने कहा कि नाहन मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की भारी कमी हो चुकी है। सीटी स्कैन मशीन होने के बावजूद तकनीशियन और विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं। इमरजेंसी मेडिकल सेवाएं पूरी तरह चरमरा चुकी हैं और जो डॉक्टर बचे हैं वे भी रिटायरमेंट की ओर हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने नाहन के लिए ₹140 करोड़ की सीवरेज योजना स्वीकृत करवाई थी, लेकिन तीन वर्षों में कांग्रेस सरकार उस योजना को जमीन पर नहीं उतार पाई। विद्युत परियोजनाएं भी ठप पड़ी हैं और हल्की हवा चलने पर भी शहर में बिजली गुल हो जाती है।डॉ. बिंदल और सुरेश कश्यप ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनावों को जानबूझकर टालने का प्रयास किया और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का काम किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की झूठी गारंटियों और विफलताओं से पूरी तरह निराश हो चुकी है और नगर परिषद चुनावों से ही कांग्रेस को जवाब देने का मन बना चुकी है।भाजपा नेताओं ने कहा कि अगले वर्ष हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकार बनने जा रही है और नाहन में भी भाजपा समर्थित नगर परिषद बनने के बाद सभी लंबित विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा। उन्होंने जनता से भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि केंद्र, प्रदेश और नगर परिषद में भाजपा की सरकार बनने से विकास की गंगा फिर से बहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *