शिमला में हिमाचल दिवस का ज़िलास्तरीय समारोह आयोजित, मुकेश अग्निहोत्री बोले- केंद्र सरकार नहीं कर रहा प्रदेश का सहयोग

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा- हिमाचल प्रदेश में हर्ष और उल्लास के साथ हिमाचल दिवस की 78वीं वर्षगांठ मनाई गई. जिला शिमला में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हिमाचल दिवस के जिलास्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता की. इस दौरान हिमाचल प्रदेश के विकास में राज्य के बड़े नेताओं के योगदान को याद किया. साथ ही केंद्र सरकार से हिमाचल सरकार को सहयोग न मिलने की भी बात कही. अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट बंद होने की वजह से राज्य सरकार को बड़ा नुक़सान हुआ है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के बजट में भी कटौती कर रही है.

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के गठन के साथ ही यह जानकारी थी कि यह आर्थिक तौर पर मज़बूत राज्य नहीं है. रेवेन्यू डेफिसिट ग्राउंड बंद होने से हिमाचल प्रदेश को क़रीब 50 हज़ार करोड़ रुपए का नुक़सान हुआ है. GST कंपनसेशन बंद होने से भी राज्य को नुक़सान हुआ. उन्होंने कहा कि तमाम आर्थिक चुनौतियों के बावजूद राज्य सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम की बहाली की. आपदा में भी हिमाचल को 20 हजार करोड़ रुपए का नुकसान खेलना पड़ा. बावजूद इसके सरकार हर क्षेत्र में तेजी से विकास की राह पर अग्रसर है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सभी राज्यों को एयर और रेल कनेक्टिविटी को बेहतर करने में मदद कर रहा है. सिर्फ़ हिमाचल के साथ ही इस क्षेत्र में भी भेदभाव किया जा रहा है. उन्होंने केंद्र सरकार के इस व्यवहार पर सवाल उठाए. मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार कर्ज़ लेकर इस दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रही है, ताकि कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के तौर पर विकसित किया जा सके.

हिमाचल प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मीडिया के साथ बातचीत के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर सत्ता हासिल करने के लिए छटपटा रहे हैं. अग्निहोत्री ने उन्हें संयम रखने की सलाह दी. जयराम ठाकुर ने ऑपरेशन लोटस के ज़रिए सरकार तोड़ने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि जनता का कांग्रेस पार्टी पर पूर्ण विश्वास है. उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता हासिल करने की ग़लतफ़हमी में हैं. अग्निहोत्री ने कहा कि विपक्ष के विधायकों को भी एंटी इंकम्बेंसी का सामना करना पड़ेगा. उन्होंने बीजेपी को हिमाचल विरोधी करार देते हुए राज्य सरकार की मदद रुकने की बात को दोहराया.
मुकेश अग्निहोत्री ने जिला मंडी के सरकाघाट में 19 वर्षीय युवती की हत्या को लेकर भी दु:ख ज़ाहिर किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसी घटना का होना दु:खदायी है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी इस पर भी राजनीति कर रही है. अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार नशे के ख़िलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है. इस मामले में दोषी को सख़्त सज़ा दिलवाई जाएगी. बीजेपी को इस मामले में राजनीति नहीं करनी चाहिए. अपने कार्यकाल में बीजेपी में चिट्टे के ख़िलाफ किसी तरह का कोई आम नहीं किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *