सुरेंद्र राणा | ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक (चंडीगढ़ न्यूज़ रूम)
चंडीगढ़ / लुधियाना। पंजाब की राजनीति और पुलिस महकमे को हिला देने वाले करीब 34 साल पुराने चर्चित अपहरण और गुमशुदगी के मामले में मोहाली की विशेष सीबीआई अदालत ने बड़ा और ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। अदालत ने पंजाब पुलिस के पूर्व एसएसपी गुरमीत सिंह रंधावा को दोषी करार देते हुए 7 साल की कैद और जुर्माने की सजा सुनाई है। इस तीन दशक से अधिक चली लंबी अदालती लड़ाई ने एक बार फिर उस दौर के काले अध्यायों की यादें ताजा कर दी हैं।
क्या था पूरा मामला और कैसे हुआ था अपहरण?
यह सनसनीखेज मामला 25 नवंबर 1992 का है। लुधियाना के रहने वाले ट्रांसपोर्टर अमरीक सिंह सकरी अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए लुधियाना के एक होटल (अमलतास) में आए हुए थे। आरोप है कि उसी दौरान तरनतारन पुलिस की एक टीम उन्हें होटल से जबरन उठा कर ले गई थी, जिसके बाद से अमरीक सिंह का आज तक कोई सुराग नहीं मिल पाया।
घटना के वक्त गुरमीत सिंह रंधावा तरनतारन में डीएसपी (DSP) के पद पर तैनात थे और बाद में प्रमोट होकर एसएसपी बने थे। इस मामले में तत्कालीन तरनतारन एसएसपी अजीत सिंह संधू सहित कई अन्य पुलिसकर्मी भी नामजद आरोपी बनाए गए थे।
लंबी कानूनी लड़ाई और रास्ते में दम तोड़ने वाले आरोपी
यह मामला कानूनी पन्नों में तब उलझा जब 1996 में पीड़ित ट्रांसपोर्टर की पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण (Habeas Corpus) याचिका दायर की। अदालत के सख्त आदेशों के बाद सीबीआई ने इस मामले की गहन जांच अपने हाथ में ली थी।
हालांकि, इस लंबी और न्याय की इस कठिन राह में कई मुख्य आरोपी कानून के शिकंजे तक पहुँचने से पहले ही दुनिया से विदा हो चुके हैं। मुकदमे की सुनवाई के दौरान मुख्य साजिशकर्ता माने जा रहे तत्कालीन एसएसपी अजीत सिंह संधू, इंस्पेक्टर सूबा सिंह, एसआई सुरिंदर सिंह और एएसआई जसवंत सिंह सहित कई आरोपी पुलिसकर्मियों की ट्रायल के दौरान ही मौत हो चुकी है। अब अदालत के इस फैसले ने पीड़ित परिवार को तीन दशक बाद एक बड़ा कानूनी न्याय दिलाया है।
अपील: अपने चैनल को सब्सक्राइब करें, फॉलो करें और इस खबर को ज्यादा से ज्यादा शेयर करें। देश-प्रदेश की हर बड़ी और बेबाक खबर के लिए देखते रहें पंजाब दस्तक — सच की आवाज (चंडीगढ़ न्यूज़ रूम से)।
