पूर्ण राज्यत्व दिवस पर टिकी निगाहें, परागपुर से मुख्यमंत्री कर सकते हैं बड़ी घोषणा

Spread the love

शिमला/कांगड़ा, सुरेंद्र राणा: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के 56वें पूर्ण राज्यत्व दिवस के अवसर पर आज कांगड़ा जिले के परागपुर से राज्यस्तरीय समारोह को संबोधित करेंगे। इस दौरान नई घोषणाओं की संभावना को लेकर प्रदेशभर में उत्सुकता बनी हुई है। खासतौर पर महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की योजना को पूरे प्रदेश में एकसाथ लागू करने की घोषणा और सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते व पिछले वेतन आयोग के एरियर को लेकर उम्मीदें जताई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री इससे पहले मनाली और सुलाह विधानसभा क्षेत्रों के दौरों के दौरान 1 अप्रैल से महिलाओं को 1500 रुपये देने की घोषणा कर चुके हैं, लेकिन यह सुविधा पूरे प्रदेश में कब लागू होगी, इसका इंतजार अभी जारी है। वहीं, सरकारी कर्मचारी भी अपने लंबित डीए और एरियर को लेकर सरकार से स्पष्ट निर्णय की अपेक्षा कर रहे हैं।पूर्ण राज्यत्व दिवस के तुरंत बाद मुख्यमंत्री विधानसभा के बजट सत्र में भाग लेने वाले हैं, ऐसे में बजट से पहले किसी बड़ी घोषणा की अटकलें तेज हो गई हैं। रात को नादौन में विश्राम के बाद वहआज सुबह परागपुर पहुंचेंगे और कार्यक्रम के उपरांत शिमला लौट आएंगे, क्योंकि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का राज्यस्तरीय समारोह ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित होना है।कांगड़ा रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों को 56वें पूर्ण राज्यत्व दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि पूर्ण राज्यत्व दिवस हिमाचल प्रदेश की गौरवशाली यात्रा, ऐतिहासिक संघर्षों और जन एकजुटता का प्रतीक है। यह दिन हमें स्वर्णिम अतीत से प्रेरणा लेकर उज्ज्वल भविष्य के लिए नए संकल्प अपनाने का अवसर देता है।मुख्यमंत्री ने हिमाचल के निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले दूरदर्शी नेतृत्व को नमन करते हुए ‘हिमाचल के शिल्पकार’ डॉ. वाई.एस. परमार सहित सभी महान विभूतियों को याद किया। उन्होंने प्रदेशवासियों से ‘हरित एवं समृद्ध हिमाचल’ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया और विश्वास जताया कि जनसहयोग, पारदर्शी प्रशासन और जनकल्याणकारी नीतियों के जरिए हिमाचल विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *