शिमला, सुरेंद्र राणा, सोलन जिला में बद्दी के शीतलपुर में प्रस्तावित हिम चंडीगढ़ टाउनशिप, पच्छाद के मोरनी हिल्स और कांगड़ा एयरपोर्ट के निकट लंज में प्रस्तावित नई टाउनशिप में पांच करोड़ रुपए के प्रांरभिक प्रावधान के साथ विभिन्न गतिविधियां शुरू करने को स्वीकृति प्रदान की गई। यह मंजूरी हिमुडा की निदेशक मंडल की बैठक के दौरान दी गई। इसके साथ ही फैसला लिया गया कि ओलंपिक/एशियन गेम्स पदक विजेताओं, गैलेंट्री अवॉर्ड विनर्स और चिल्ड्रन ब्रेवरी अवॉर्डीस के लिए हिमुडा द्वारा आवासीय प्लॉट और फ्लैट के लिए विशेष कोटा रखा जाएगा। इससे पहले टाउन एंड कंट्री प्लानिंग मंत्री राजेश धर्माणी सोमवार को यहां हिमुडा की निदेशक मंडल की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि शिमला के निकट जाठिया देवी में प्रथम चरण में हिमुडा 21 बीघा भूमि में लगभग 1327 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से 919 आवासीय यूनिट तैयार करेगी। उन्होंने कहा की इससे शिमला को भीड़-भाड़ की समस्या से निजात दिलवाने में सहायता मिलेगी और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।बैठक में जिला बिलासपुर के घुमारवीं में लगभग 7.69 करोड़ रुपए की लागत से 17 दुकानों एवं दो हॉल के साथ एग्ज्क्यिूटिव इंजीनियर के कार्यालय के एक व्यावसायिक परिसर का निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई। निदेशक मंडल द्वारा जिला कांगड़ा के श्री ज्वाला जी शक्ति विहार कालोनी में 18.61 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से 125 कनाल भूमि पर 130 प्लॉट और कॉमर्शियल स्पेस विकसित करने को स्वीकृति प्रदान की गई। निदेशक मंडल ने हिमुडा द्वारा अलॉटमेंट लैटर जारी होने के 45 दिनों के भीतर एकमुश्त पेमेंट करने पर अलॉटी को पांच प्रतिशत छूट प्रदान करने पर स्वीकृति प्रदान की। बैठक में भूमि मालिकों की अनुमति से लैंड पुलिंग पॉलिसी के माध्यम से भूमि अधिग्रहण कर नई कॉलोनी को विकसित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। निदेशक मंडल द्वारा सरकारी आवासों और परिसंपत्तियों के रख-रखाव एवं विकास के लिए बाय-बैक पॉलिसी और रिडिवेलपमेंट पॉलिसी को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, प्रधान सचिव देवेश कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव डा. सुरिंद्र कुमार वशिष्ट, निदेशक मंडल के गैर-सरकारी सदस्य और विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे
