शिमला में ICICI बैंक और महिंद्रा हॉलिडेज में 56 पदों पर सीधी भर्ती

शिमला में 56 पदों पर सीधी भर्ती: ICICI बैंक और महिंद्रा हॉलिडेज में रोजगार का मौका, 6 व 7 नवंबर को इंटरव्यू

Spread the love

​पंजाब दस्तक, शिमला
रिपोर्टर: प्रियंका
​शिमला: हिमाचल प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। बैंकिंग और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए राजधानी शिमला में रोजगार का शानदार अवसर मिलने जा रहा है। जिला रोजगार कार्यालय शिमला के माध्यम से आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक और महिंद्रा हॉलिडेज एंड रिजॉर्ट्स में कुल 56 से अधिक पदों पर सीधी भर्ती की जा रही है। इन पदों के लिए अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी, बल्कि उम्मीदवारों का चयन केवल साक्षात्कार (इंटरव्यू) के आधार पर किया जाएगा।


​जिला रोजगार अधिकारी शिमला प्रवीण नगराईक ने भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी सांझा करते हुए बताया कि आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस पद के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक (ग्रेजुएशन) उत्तीर्ण पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 26,000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके लिए निर्धारित आयु सीमा 21 से 25 वर्ष तय की गई है और जॉब लोकेशन शिमला रहेगी। रिलेशनशिप मैनेजर पद के लिए साक्षात्कार 7 नवंबर 2026 को सुबह 10:00 बजे जिला रोजगार कार्यालय परिसर, यूएस क्लब शिमला में आयोजित किया जाएगा। भर्ती से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 9530525924 पर संपर्क कर सकते हैं।


​इसी प्रकार महिंद्रा हॉलिडेज एंड रिजॉर्ट इंडिया लिमिटेड, मशोबरा में कुल 6 पदों पर सीधी भर्ती की जा रही है। इसमें हाउसकीपिंग के 3 पद और इलेक्ट्रिशियन के 3 पद शामिल हैं। हाउसकीपिंग के लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं अथवा स्नातक रखी गई है, जबकि इलेक्ट्रिशियन पद के लिए आईटीआई या संबंधित ट्रेड में डिप्लोमा होना अनिवार्य है। इन पदों के लिए 18 से 27 वर्ष की आयु के पुरुष एवं महिला दोनों अभ्यर्थी पात्र हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 14,000 से 15,000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके लिए साक्षात्कार 6 नवंबर 2026 को सुबह 10:00 बजे महिंद्रा हॉलिडे एंड रिजॉर्ट, मशोबरा में आयोजित होंगे। विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 7018219204 पर संपर्क कर सकते हैं।


​जिला रोजगार अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि साक्षात्कार में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों का नाम रोजगार कार्यालय (Employment Exchange) में ऑनलाइन पंजीकृत होना अनिवार्य है। जिन युवाओं का अभी तक पंजीकरण नहीं हुआ है, वे विभाग की आधिकारिक वेबसाइट eemis.hp.gov.in पर जाकर तुरंत अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। साक्षात्कार के दिन सभी अभ्यर्थियों को अपने समस्त मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र (आधार कार्ड) और अद्यतन बायोडाटा (रिज्यूमे) साथ लाना अनिवार्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *