Himachal : राज्य में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त आपूर्ति, अनावश्यक जमा न करें, कंपनियां पूरी कर रहीं जरूरत

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश में पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ पेट्रोल और डीजल की मांग में अचानक बड़ा उछाल देखने को मिला है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां लगातार स्थिति की समीक्षा कर रही हैं और बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए लॉजिस्टिक्स और वितरण व्यवस्था को मजबूत किया गया है। कंपनियों ने भरोसा दिलाया है कि राज्य में ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। तेल कंपनियों के अनुसार पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में हिमाचल में पेट्रोल की मांग में करीब 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

वर्तमान समय में प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1500 किलोलीटर पेट्रोल और 2400 किलोलीटर डीजल की आपूर्ति की जा रही है। तेल उद्योग ने नागरिकों से अपील की है कि वे सामान्य तरीके से ईंधन की खरीदारी करें और अनावश्यक रूप से घबराकर पेट्रोल-डीजल जमा न करें। उपभोक्ताओं से यह भी कहा गया है कि वे ईंधन उपलब्धता से जुड़ी जानकारी के लिए केवल अधिकृत एजेंसियों और तेल विपणन कंपनियों की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *