बिक्रम सिंह ठाकुर ने हिमाचल विधानसभा में बेरोजगारी और आउटसोर्स भर्ती का मुद्दा उठाया

विधानसभा में नियम-130 पर विपक्ष का प्रचंड प्रहार: पूर्व उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने आउटसोर्स व प्राइवेट सेक्टर में नौकरियों के नाम पर रिश्वतखोरी का लगाया खुला आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग

Spread the love

​ब्यूरो चीफ: सुरेंद्र राणा
पंजाब दस्तक/शिमला:


हिमाचल प्रदेश विधानसभा में नियम-130 के तहत प्रदेश में बेरोजगारी के ज्वलंत मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार के खिलाफ चौतरफा मोर्चा खोल दिया। सदन में पूर्व उद्योग मंत्री एवं जसवां-परागपुर से विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए सुक्खू सरकार की कार्यप्रणाली की बखिया उधेड़ दी। उन्होंने आउटसोर्स और निजी क्षेत्र (प्राइवेट सेक्टर) में नौकरियों के नाम पर युवाओं के खुले शोषण और भारी रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप लगाते हुए सरकार को सीधे कटघरे में खड़ा कर दिया।


​स्टाफ नर्स भर्ती में लाखों की वसूली का सनसनीखेज आरोप, उच्च स्तरीय जांच की मांग
सदन में करीब 15-20 मिनट के अपने तीखे संबोधन में पूर्व उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने आउटसोर्स भर्तियों के नाम पर चल रहे कथित गोरखधंधे को बेनकाब किया। उन्होंने आसन के माध्यम से कहा कि प्रदेश में आउटसोर्स के जरिए हो रही भर्तियों, विशेषकर स्वास्थ्य विभाग में स्टाफ नर्सों की तैनाती में अभ्यर्थियों से खुलेआम लाखों रुपये ऐंठे जा रहे हैं। बिक्रम ठाकुर ने दोटूक चुनौती देते हुए कहा कि जो आरोप वह सदन में लगा रहे हैं, सरकार उसकी तुरंत उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच (इन्वेस्टिगेशन) करवाए।


​उन्होंने मुख्यमंत्री के बयानों पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बार-बार मंचों से भ्रष्टाचारियों को सलाखों के पीछे भेजने के दावे करते हैं, लिहाजा सरकार अपनी राजनीतिक इच्छाशक्ति दिखाए और युवाओं के भविष्य का सौदा करने वाले इन दलालों पर लगाम कसकर उन्हें तुरंत जेल की सलाखों के पीछे भेजे।


​युवाओं के साथ वादाखिलाफी, रोजगार के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर नौजवान
पूर्व मंत्री ने सत्तापक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले युवाओं को लाखों नौकरियों के सब्जबाग दिखाए गए थे, लेकिन आज जमीन पर हालात बेहद चिंताजनक हैं। आउटसोर्स हो या प्राइवेट सेक्टर, नौजवानों का सिर्फ और सिर्फ मानसिक और आर्थिक दोहन किया जा रहा है। आज हिमाचल का पढ़ा-लिखा बेरोजगार युवा नौकरी की तलाश में बाहरी राज्यों में दर-दर भटकने को विवश है। उन्होंने कहा कि देश के किसी भी अन्य राज्य में युवाओं की ऐसी दयनीय स्थिति नहीं है, जैसी आज हिमाचल प्रदेश के अंदर बन चुकी है।


​नीतियां जनविरोधी, आने वाले दिन सरकार के लिए अच्छे नहीं: बिक्रम ठाकुर
सदन में सरकार को सीधे तौर पर चेतावनी देते हुए बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि मौजूदा सरकार की नीतियां और कार्यक्रम हर समाज को ठगने वाले साबित हुए हैं। आज प्रदेश का हर वर्ग सरकार की वादाखिलाफी से आहत और दुखी है। उन्होंने साफ शब्दों में आगाह किया कि जिस तरह से जनभावनाओं और बेरोजगारों के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है, उसे देखते हुए सरकार के आने वाले दिन कतई अच्छे नहीं रहने वाले हैं। उन्होंने सरकार को नसीहत दी कि वह खोखले भाषण छोड़कर धरातल पर उतरे और युवाओं से किए गए वादों को पूरा करे।
​बिक्रम सिंह ठाकुर के इस कड़े और आक्रामक संबोधन के बाद आसन की ओर से चर्चा को आगे बढ़ाते हुए माननीय सदस्य हरदीप सिंह बाबा को अपने विचार रखने के लिए आमंत्रित किया गया।


​ऐसी धारदार खबरों के लिए देखते रहें पंजाब दस्तक। शेयर करें, लाइक करें, फॉलो करें पंजाब दस्तक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *