’वोट बचाओ, देश बचाओ’ जन मार्च को लेकर मुख्यमंत्री ने जारी किया संदेश; निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान प्रक्रिया को बताया सांझा जिम्मेदारी
सुरेंद्र राणा (ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक)
शिमला/पंजाब दस्तक:
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए प्रदेशवासियों से खुलकर आगे आने की भावुक व धारदार अपील की है। मुख्यमंत्री ने आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली विशाल ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जन मार्च एवं महारैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने के लिए हिमाचल की जनता को दिल्ली चलने का न्योता दिया है।
”लोकतंत्र बचाने के लिए लड़ाई लड़ना आज समय की आवश्यकता”
एक विशेष वीडियो संदेश जारी करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दोनों हाथ जोड़कर प्रदेश की जनता से संवाद किया। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत बनाए रखने के लिए हर नागरिक का जागरूक होना बेहद जरूरी है।
”देश में लोकतंत्र को बचाना और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना आज हम सबकी नैतिक व राष्ट्रीय जिम्मेदारी बन चुका है। मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना केवल किसी राजनीतिक दल का विषय नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक का अधिकार और सांझा कर्तव्य है।”
सुखविंदर सिंह सुक्खू (मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश)
रामलीला मैदान में गूंजेगी हिमाचल के हक और लोकतंत्र की आवाज
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 नवंबर को दिल्ली का रामलीला मैदान एक ऐतिहासिक आंदोलन का गवाह बनने जा रहा है। इस ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जन मार्च के माध्यम से देश भर से जुटने वाली जनता के साथ हिमाचल प्रदेश के लोग भी कदम से कदम मिलाकर चलेंगे।
उन्होंने प्रदेशवासियों, युवाओं और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भारी संख्या में दिल्ली पहुंचकर इस महारैली को ऐतिहासिक और सफल बनाएं, ताकि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं और संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता पर मंडरा रहे खतरों के खिलाफ एक सशक्त संदेश दिया जा सके।
जन-जन तक पहुंचेगा आंदोलन का संदेश
मुख्यमंत्री सुक्खू के इस आह्वान के बाद प्रदेश भर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनमानस में खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों से हजारों लोगों के 1 नवंबर को दिल्ली कूच करने की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। सीएम सुक्खू ने स्पष्ट किया कि जब-जब देश में लोकतंत्र और जनता के अधिकारों पर आंच आई है, तब-तब हिमाचल की जनता ने हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़े होकर सही दिशा दिखाई है।
देखते रहें ‘पंजाब दस्तक’ — सच की आवाज
