हिमाचल प्रदेश में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि को लेकर मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल में मौसम बदला: 6 दिन बारिश, आंधी और ओलावृष्टि के आसार, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट।

Spread the love

एंकर,,,शिमला। हिमाचल प्रदेश में गुरुवार से मौसम ने करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अगले छह दिनों तक बारिश, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।


मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 11 से 13 जून तक कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में तेज आंधी और ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश जिलों में यलो अलर्ट रहेगा।

विभाग के मुताबिक कई क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है। तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और यातायात प्रभावित होने का खतरा भी बना रहेगा।


मौसम विभाग ने बताया कि 13 और 14 जून को भी चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में मौसम की गतिविधियां जारी रहेंगी। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए स्थानीय स्तर पर तेज बारिश, गर्जन और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।


हालांकि 16 जून के बाद पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कुछ कम होने की संभावना है, लेकिन प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम में इस बदलाव के चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है। पिछले कई दिनों से सामान्य से अधिक तापमान के कारण लोग गर्मी से परेशान थे, लेकिन बारिश और बादलों की आवाजाही से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने लोगों, विशेषकर किसानों, बागवानों और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

बाइट,,,, संदीप शर्मा, मौसम विज्ञानी, शिमला मौसम केन्द्र।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *