हमीरपुर, सुरेन्द्र राणा। केंद्र सरकार द्वारा नई यूजीसी गाइडलाइंस के रूप में सामान्य वर्ग के विरोध में एकतरफा नियम लागू करने के प्रयास और माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा इस पर रोक लगाकर दी गई अंतरिम राहत के बाद, हमीरपुर जिला के सामान्य वर्ग के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने बैठक कर “सामान्य वर्ग संयुक्त मोर्चा” बनाने का निर्णय लिया। मोर्चा यूजीसी मुद्दे सहित सामान्य वर्ग से जुड़े सभी विषयों पर एकजुट होकर अपनी बात रखेगा और जब तक केंद्र सरकार इन गाइडलाइंस को वापस नहीं लेती, तब तक संघर्ष जारी रखेगा।बैठक में सभी प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे और सर्वसम्मति से जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष राकेश ठाकुर को मोर्चा का अध्यक्ष चुना गया। वहीं कैप्टन विजय को महासचिव, तिलक राज शर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और रिटायर्ड कल्याण अधिकारी राकेश पूरी को पदाधिकारी के रूप में एकमत से चुना गया। कार्यकारिणी का विस्तार शीघ्र करने के लिए अध्यक्ष को अधिकृत किया गया है।बैठक में आगामी रणनीति तय करने के लिए जल्द ही एक और बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया। इसमें आर्थिक आधार पर आरक्षण, सरकारी रिकॉर्ड से जाति उल्लेख समाप्त करने, अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन राशि बंद करने और सभी वर्गों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं में समान फीस तय करने जैसे मुद्दों पर संघर्ष करने का संकल्प लिया गया।
