शिमला, सुरेंद्र राणा: शिमला के नए एसपी गौरव सिंह ने अपना पदभार संभालते ही नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों को बड़ी चेतावनी दी है।गौरव सिंह ने कहा कि नशे के अवैध व्यापार से अर्जित संपतियों को फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के तहत सीज किया जाएगा। साथ ही प्रिवेंटिव डिटेक्शन के अंतर्गत जो भी नशा तस्कर बार बार नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाते हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। गौरव सिंह ने कहा कि नशा निवारण अभियान में शामिल स्वयं सेवी और संस्थाओं के साथ भागीदारी सुनिश्चित कर युवाओं, लोगों और खासकर स्कूली छात्रों में नशे के खिलाफ जागरूकता लाने के प्रयास और नशे के शिकार पीड़ितों को समाज की मुख्यधारा में शामिल किया जाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा। उनकी प्राथमिकता जिला शिमला में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ साथ प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन ऑफ क्राईम और महिलाओं व बच्चों को की सुरक्षा के कड़े उपाय के प्रयासों की रहेगी।राजधानी में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए खास रणनीतियों का सूत्रपात किया जाएगा।
