शिमला, सुरेंद्र राणा: IGMC शिमला में ईलाज महंगा होने वाला हैI अस्पताल की रोगी कल्याण समिति की 14वीं बैठक में टेस्टों के शुल्क में बढ़ोतरी सहित स्पेशल वार्ड के दाम बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके साथ ही एमआरआई और पैट स्कैन की जांच के नए रेट को भी मंजूरी दे दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल की अध्यक्षता में हुई आरकेएस की बैठक में बढ़ती लागत और संसाधनों के बेहतर रखरखाव को देखते हुए शुल्कों में संशोधन का निर्णय लिया गया।
बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि रोगी कल्याण समिति की बैठक में अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए अहम फैसले लिए गए हैं। टेस्टों के शुल्क बढ़ाने का प्रस्ताव भी मंजूरी के लिए सरकार को भेजा जाएगा। इसके अलावा RKS के कर्मचारियों को छठा वेतनमान लागू करने और 8 साल का अनुबंध पूरा करने वाले कर्मचारियों को नियमित वेतनमान देने की मंजूरी के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार हिम केयर और आयुष्मान योजना की देनदारियां को अदा करने की दिशा में भी आगे बढ़ रही है ताकि लोगों के ईलाज में बाधा न आए।
