RDG खत्म होने पर मंत्री विक्रमादित्य, बोले अगर यह राजनीतिक फैसला तो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण, रविवार को कैबिनेट में होगी चर्चा

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा:पहली फरवरी को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट पेश किया। जहां भाजपा इस बजट को विकसित भारत का रोडमैप बता रही है, वहीं हिमाचल प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बजट को निराशाजनक बताया है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि अगर RDG यानी राजस्व घाटा अनुदान को राजनीतिक दृष्टि से खत्म किया गया है, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर रविवार को कैबिनेट में चर्चा की जाएगी।

कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल को इस बजट से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन बजट में हिमाचल का कोई खास जिक्र नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि आज़ादी के बाद से ही हिमाचल को राजस्व घाटा अनुदान मिलता रहा है, लेकिन अब उसे भी खत्म कर दिया गया है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल सरकार लगातार प्रदेश के हितों की बात कर रही है और RDG ग्रांट बंद होने से हिमाचल के लोग दुखी हैं। उन्होंने साफ कहा कि यह सवाल कांग्रेस या बीजेपी का नहीं, बल्कि हिमाचल के लोगों के हित से जुड़ा हुआ है और इस मुद्दे पर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर केंद्र के सामने बात रखनी चाहिए।

वहीं प्रदेश में सड़कों की स्थिति को लेकर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि पीडब्ल्यूडी के तहत आने वाली 435 सड़कें इस समय बंद हैं और उन्हें खोलने का काम लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि विभाग अब एक नई ड्रेनेज पॉलिसी लाने जा रहा है, ताकि सड़कों को नुकसान से बचाया जा सके। उन्होंने बताया कि नालों का पानी सड़कों पर आने से भारी नुकसान होता है, इसलिए अब तक यू-शेप में बनने वाली नालियों को भविष्य में वी-शेप में बनाया जाएगा। इस नई ड्रेनेज पॉलिसी को डीपीआर में भी शामिल किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *