नालागढ़ में फायरिंग, बच्ची को लगी गोली, 

Spread the love

नालागढ़ ,विवाह समारोह के दौरान जागो की रस्म के समय की गई एक गंभीर लापरवाही ने पूरे आयोजन को दहशत में बदल दिया। दरअसल नालागढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के गांव बोदला में आयोजित शादी समारोह के दौरान हवाई फायरिंग की घटना में छह वर्षीय बच्ची गोली लगने से घायल हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात गांव बोदला में जागो एवं विवाह समारोह चल रहा था। इसी दौरान आरोपी बलवीर सिंह निवासी गांव बोदला दभोटा, तहसील नालागढ़, जिला सोलन द्वारा पिस्टल से हवाई फायर किया गया। फायरिंग के दौरान चली गोली पास में मौजूद प्रभजोत कौर की टांग में जा लगी, जिससे वह घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।परिजनों एवं उपस्थित लोगों द्वारा घायल को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर नालागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। इस संबंध में पुलिस थाना नालागढ़ में आरोपी के विरुद्ध आम्र्स एक्ट की धारा 25, 54 व 59 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और 115 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त हथियार की वैधता व फायरिंग की परिस्थितियों तथा अन्य तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विनोद धीमान ने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं को लेकर पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *