हमीरपुर, सुरेन्द्र राणा। धर्मशाला महाविद्यालय की छात्रा की दुखद एवं असामयिक मृत्यु पर राजपूत महासभा हिमाचल प्रदेश ने गहरा शोक व्यक्त किया है। महासभा ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएँ प्रकट करते हुए मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग की है।
राजपूत महासभा जिला हमीरपुर के महासचिव जोगिंदर ठाकुर द्वारा जारी बयान में कहा गया कि कुछ राजनीतिज्ञ इस संवेदनशील घटना को जातीय रंग देकर सरकार और पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जो निंदनीय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया, परिवार और कॉलेज प्रशासन से सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने अन्य छात्रों और संबंधित प्राध्यापक के खिलाफ रैगिंग का मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है, जिसका महासभा समर्थन करती है।
महासभा ने कहा कि किसी भी परिवार के लिए बेटे या बेटी का असमय जाना अपूरणीय क्षति है। ऐसे में सभी पक्षों को जांच एजेंसियों पर भरोसा बनाए रखना चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके। साथ ही जांच पूरी होने से पहले घटना को जातीय आधार पर भुनाने से सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचता है।
राजपूत महासभा ने जांच एजेंसियों की निष्पक्षता और ईमानदारी पर विश्वास जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि वे किसी भी दबाव से मुक्त रहकर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करेंगी और पीड़ित परिवार को न्याय सुनिश्चित होगा।
