शिमला, सुरेंद्र राणा: प्रदेश की राजधानी शिमला के छोटा शिमला क्षेत्र में शनिवार को गुरुद्वारे के पास स्थित एक खाने-पीने की दुकान में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें बिना देर किए मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी पानी और अन्य संसाधनों के जरिए सहयोग किया, जिससे राहत कार्य तेज़ी से आगे बढ़ सका।जिस स्थान पर यह आग लगी, वह इलाका प्रशासनिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील है। आग लगने वाली जगह के बिल्कुल पास ही पुलिस स्टेशन और राज्य सचिवालय का भवन स्थित है। इसके अलावा आसपास बाजार है, जहां कई दुकानें और रिहायशी मकान मौजूद हैं। ऐसे में आग के फैलने का खतरा काफी ज्यादा था और स्थिति गंभीर हो सकती थी, लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
