शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। महिला आरक्षण बिल, कमर्शियल सिलेंडर के बढ़े दाम को लेकर केंद्र सरकार पर निशाने साधते हुए कहा कि भाजपा महिला सम्मान का सिर्फ दिखावा करती है। शिमला रैली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल का महिलाओं पर दिया बयान सबने सुना है।विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में महिलाओं के हित में है तो 2023 में पारित महिला आरक्षण बिल को उसी रूप में लागू क्यों नहीं किया जा रहा। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 993 रुपये बढ़ने पर केंद्र सरकार को घेरते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि चुनाव के दौरान दाम नहीं बढ़े, मतदान के बाद बढ़ा दिए। इसका बोझ होटल-रेस्टोरेंट ग्राहकों पर डालेंगे। पेट्रोल-डीजल के दाम भी बढ़ सकते हैं। पांच राज्यों में चुनाव को लेकर चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए और कहा कि दोबारा मतदान से आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल हैं। चुनाव आयोग केंद्र के प्रभाव में काम कर रहा है।एक्जिट पोल पर भी सवाल उठाते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि एग्जिट पोल पहले भी कई बार गलत साबित हुए हैं और इस बार भी पांच राज्यों के नतीजे एग्जिट पोल से अलग होंगे। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में TMC का प्रदर्शन काफी अच्छा रहेगा। विक्रमादित्य सिंह ने PMGSY फेज-3 के तहत सड़कों के टायरिंग कार्य रुकने पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बिटुमेन और एलडीओ की कीमतें बढ़ने से प्रोजेक्ट की लागत 70 करोड़ रुपये बढ़ गई है। कई बार केंद्र के सामने मुद्दा उठाया, लेकिन समाधान नहीं निकला। मुख्यमंत्री से चर्चा कर विकास कार्य जारी रखने की कोशिश होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि PM जब हिमाचल आते हैं तो केवल औपचारिक दौरा करते हैं। तस्वीरें खिंचवाकर चले जाते हैं और स्थानीय नेताओं से संवाद तक नहीं करते।कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कांगड़ा दौरे पर भाजपा के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संगठन सृजन कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। वहां उन्होंने हिमाचल, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के कांग्रेस जिला अध्यक्षों के साथ चर्चा की और सभी को पूरा समय दिया लेकिन भाजपा में ऐसा नहीं होता।नगर निगम चुनावों पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपनी उपलब्धियों के आधार पर चुनाव लड़ेगी। प्रदेश में चार नगर निगम चुनाव होने हैं। मंडी की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, जिसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे।जनता सुक्खू सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों पर वोट करेगी। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी बड़ी संख्या में जीतकर आएंगे और अच्छे परिणाम सामने आएंगे।
