रूस ने बनाई असीमित दूरी तक मार करने वाली ‘न्यूक्लियर क्रूज मिसाइल’, महीनों तक उड़ान भरने में सक्षम

Spread the love

एजेंसियां — मास्को: यूक्रेन के साथ जारी संघर्ष के बीच रूस ने अपनी सबसे नई परमाणु ऊर्जा से चलने वाली क्रूज मिसाइल बुरेवेस्टनिक का परीक्षण सफलता से पूरा कर लिया है। रूस के उच्च स्तरीय सैन्य अधिकारी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को इस सफलता की जानकारी दी। खास बात है कि यह मिसाइल परमाणु ऊर्जा पर निर्भर होने के चलते असीमित दूरी तय कर सकती है और इसमें परमाणु हथियार लादने की सुविधा भी है। रूसी सेना के महानिदेशालय प्रमुख जनरल वालेरी गेरासिमोव ने पुतिन को बताया कि मिसाइल ने 14000 किलोमीटर (करीब 8,700 मील) का सफर तय किया और हवाई क्षेत्र में लगभग 15 घंटे तक क्रियाशील रही। बुरेवेस्टनिक वर्तमान और भविष्य की मिसाइल रक्षा प्रणालियों के खिलाफ अजेय है। इसकी सीमा लगभग अनंत है और उड़ान पथ अप्रत्याशित। रविवार के अपने भाषण में व्लादिमीर पुतिन ने गेरासिमोव को आदेश दिया कि बुरेवेस्टनिक के मुख्य परीक्षण अब समाप्त हो चुके हैं, इसलिए मिसाइलों की तैनाती से पहले अंतिम तैयारी के चरण पर तत्काल काम शुरू कर दिया जाए।बता दें कि बुरेवेस्तनिक एक उच्च कोटी की क्रूज मिसाइल है, जो पारंपरिक मिसाइलों से पूरी तरह अलग है। इसकी खासियत एक छोटा परमाणु रिएक्टर है, जो इसे असीमित दूरी तय करने की क्षमता प्रदान करता है। सामान्य मिसाइलें ईंधन समाप्त होने पर रुक जाती हैं, लेकिन यह परमाणु ऊर्जा से संचालित होती है, जिससे यह हफ्तों या महीनों तक लगातार उड़ान भर सकती है। रूसी भाषा में इसका नाम स्टॉर्म पेट्रेल (तूफानी पक्षी) है, जो तूफान की पूर्वसूचना की तरह खतरे का प्रतीक है। यह मात्र 50-100 मीटर की कम ऊंचाई पर उड़ती है, जिसके कारण राडार इसे आसानी से ट्रैक नहीं कर पाते। इसमें परमाणु वारहेड (परमाणु विस्फोटक) फिट किया जा सकता है, जो विनाशकारी विस्फोट पैदा कर सकता है। यह इतिहास की पहली ऐसी हथियार प्रणाली है जो परमाणु प्रणोदन (न्यूक्लियर प्रोपल्शन) पर आधारित है। रूस का दावा है कि यह अमरीका या नाटो के किसी भी मिसाइल रक्षा तंत्र को धोखा दे सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *