कुल्लू, काजल: हिमाचल प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के चलते सैकड़ों लोगों की जान चली गई और 6000 करोड़ रुपए से अधिक नुकसान हुआ है। ऐसे में केंद्र सरकार के द्वारा जो प्रदेश के लिए 1500 करोड़ रुपए की राहत देने की बात कही गई है, वह वर्तमान में ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। ढालपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभानु चिब ने बताया कि केंद्र सरकार के द्वारा इस मदद का ऐलान तो किया गया है, लेकिन वर्तमान में जनता को लग रहा है कि कहीं यह केंद्र सरकार का झूठा आश्वासन तो नहीं। क्योंकि इससे पहले भी केंद्र सरकार ने कई वादे किए, जो धरातल पर आज तक पूरे नहीं हो पाए हैं। इसके अलावा कीरतपुर-मनाली फोरलेन सडक़ निर्माण में एनएचएआई और ठेकेदारों ने गोलमाल किया है, जिसे अब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी खुद स्वीकार है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु ने कहा कि उनके विभाग ने सडक़ों को बनाने का काम ठीक से नहीं किया। प्रदेश में फोरलेन निर्माण का काम अवैज्ञानिक तरीके से किया गया है। यही कारण है कि प्रदेश के पहाड़ कच्चे हो गए हैं, जो बरसात में नीचे आ रहे हैं।इस कारण प्रदेश में मानव क्षति के साथ मवेशियों की भी जान गई, जबकि लोगों के घर, जमीन और बागीचे तबाह हो गए हैं। ऐसी स्थिति में उन्होंने केंद्र सरकार से हरसंभव मदद करने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश आकर जो 1500 करोड़ रुपए देने का एलान किया है वह इस आपदा के सामने कुछ नहीं है। इतना ही नहीं, युवा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु के द्वारा कुल्लू जिला में बाढ़ प्रभावित इलाकों का भी दौरा किया गया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ भी मुलाकात की और युवा कांग्रेस की ओर से उन्हें राहत सामग्री भेंट की। उन्होंने सभी प्रभावित परिवारों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी समस्याओं को प्रदेश सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा।
