शिमला, सुरेन्द्र राणा:मनोज कुमार को वूलफेडरेशन का अध्यक्ष नियुक्त करने पर सीएम का आभार व्यक्त करने गद्दी प्रतिनिधिमंडल प्रदेश सचिवालय पहुंचा। इस दौरान मनोज ठाकुर ने ऊन का समर्थन मूल्य बढ़ाने की मुख्यमंत्री से मांग की ताकि लोगों का रुझान इस व्यवसाय की और बढ़ सके। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से उनके समर्थन मूल्य में कोई वृद्धि नहीं हुई है। प्राकृतिक आपदा से भेड़ बकरियों की मौत होने पर दी जाने वाली राहत राशि में बढ़ोतरी की जानी चाहिए
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार गद्दी समुदाय की कठिनाइयों से अवगत है तथा इस समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऊन के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि पर विचार कर रही है तथा सभी हितधारकों से परामर्श के बाद इस पर निर्णय लिया जाएगा। राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि भेड़-बकरी पालकों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिले, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने संवदेनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए मानसून आपदा 2023 के दौरान प्रभावित परिवारों के लिए विशेष राहत पैकेज प्रस्तुत कर मुआवजे की राशि को कई गुणा बढ़ाया। इस पहल के तहत भेड़, बकरी और सूअर की मृत्यु पर वित्तीय सहायता को 4000 रुपये से बढ़ाकर 6000 रुपये किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पशुपालक समुदाय की सहायता के लिए इस वित्तीय सहायता को और अधिक बढ़ाया जाएगा।
