धर्मशाला, अभय:धर्मशाला में आईपीएल मैचों को लेकर मुस्तैद सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद गत शनिवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मध्य प्रदेश से धर्मशाला घूमने आईं दो युवतियों को एक बोलेरो गाड़ी के ड्राइवर से लिफ्ट लेना महंगा पड़ गया। लिफ्ट लेने के बाद कोतवाली बाजार पहुंचने पर जब युवतियों ने गाड़ी रोकने को कहा, तो ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार और बढ़ा दी। हालात को देखते हुए युवतियों ने अपनी सुरक्षा के लिए चलती गाड़ी से छलांग लगा दी।
रात करीब 10 बजे की यह घटना विनोद रसोई के प्रबंधक ने देखी, जिसमें स्थानीय लोगों ने गाड़ी की पहचान को लेकर बताया है कि गाड़ी में एचपी गवर्नमेंट लिखा था। हालांकि पुलिस अब इस मामले में सीसीटीवी फुटेज सहित गाड़ी को खोजने में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार वाहन से पहले एक युवती ने और फिर कुछ क्षणों बाद दूसरी लडक़ी ने गाड़ी से छलांग लगाई।इस घटना के बाद कोतवाली बाजार व्यापार मंडल के सदस्यों ने घायल युवतियों को जोनल अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने पुलिस को भी सूचित किया।
प्राथमिक उपचार के बाद युवतियों ने पूरी घटना के बारे में बताया। उधर, पुलिस विभाग कांगड़ा के एएसपी बीर बहादुर सिंह ने बताया कि युवतियों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उनके बयान पुलिस थाना धर्मशाला में दर्ज कर लिए गए हैं। गाड़ी और ड्राइवर की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। उधर, व्यापार मंडल के महासचिव शेखर रॉय सहित अन्य पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है। साथ ही मामले की गहन जांच की मांग भी की है।
