Himachal News: सांसद कंगना रनौत बोलीं- संविधान की किताब को उछालकर वोट बैंक की राजनीति में लगी है कांग्रेस

Spread the love

मंडी, काजल:सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा कि कांग्रेस संविधान की किताब को उछालकर वोट बैंक की राजनीति में लगी हुई है। इतिहास में कांग्रेस ने भीमराव आंबेडकर को अपमानित करने का ही काम किया है जबकि पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें देव तुल्य स्थान दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने संविधान निर्माता का तिरस्कार कर उन्हें कैबिनेट से बाहर कर दिया था। इस कारण भीमराव आंबेडकर को मजबूरन त्यागपत्र देना पड़ा था।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आज दिन तक सभी को मूर्ख बनाने का काम किया। इस पार्टी ने लोगों का मूर्ख बनाने और ठेंगा दिखाने के अलावा कुछ नहीं किया। चुनाव के समय कांग्रेस ने संविधान बदलने समेत अन्य चीजों का भ्रम और डर जनता को दिखाया। अब भाजपा सत्ता में है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ है। कहा कि एक झूठ को 100 बार बोलें तो वह भी सच लगता है।

यह कांग्रेस की कूटनीति है। कंगना ने कहा कि कांग्रेस सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में अराजकता फैली हुई है। दिव्यांगों और विधवाओं को सामाजिक सुरक्षा पेंशन तक नहीं मिल रही है। कहा कि जमीनों को सुक्खू सरकार हड़प रही है। लोकसभा चुनाव में मंडी की बेटी को भी इन्होंने बदनाम करने का षड्यंत्र रचा था, लेकिन जब चुनावी नतीजे भाजपा के पक्ष में आए तो इनके नेता राजा बाबू किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं बचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *