शिमला, सुरेंद्र राणा: कमला नेहरू अस्पताल के गायनी वार्ड को आईजीएमसी शिफ्ट करने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. जनवादी महिला समिति की महिलाओं और KNH के स्टाफ के अलावा अब भारतीय जनता पार्टी ने भी फिर से विरोध जताया है।भाजपा के पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज सहित कार्यकर्ताओं ने आज अस्पताल परिसर में धरना प्रदर्शन किया। भाजपा नेता व पूर्व विधानसभा प्रत्याशी संजय सूद ने बताया कि कमला नेहरू अस्पताल से गायनी वार्ड को शिफ्ट करने का विरोध अस्पताल के स्टाफ सहित महिलाएं और समाज के लोग भी कर रहे हैं। बावजूद इसके सरकार अपने फैसले पर अडिग है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकार के फैसले के पीछे सही मंशा नजर नहीं आती क्योंकि ऐसा कोई भी कारण नहीं है कि आईजीएमसी में गायनी बोर्ड को शिफ्ट किया जाना जरूरी हो. संजय सूद ने आईजीएमसी अस्पताल से भी हृदय रोग विभाग को चमियाना सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में शिफ्ट करने का भी विरोध किया है । इनका कहना है कि शहर की आबादी और जरूरत को देखते हुए आईजीएमसी और केएनएच में सुविधाओं से छेड़छाड़ करना तर्कसंगत नहीं है । इससे लोगों सहित अस्पताल के स्टाफ को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा की मांग है कि सरकार समय रहते अपना यह फैसला वापस ले क्योंकि आम जनता की दिक्कतों को देखते हुए भाजपा इस मुद्दे पर संघर्ष को आगे बढ़ाएगी।
