कांगड़ा, अभय: सहकार भारती का दो दिवसीय प्रान्त महिला अधिवेशन पंचरुखी तहसील पालमपुर में सफलता पूर्वक सम्पन्न हो गया। इस अधिवेशन में प्रदेश के सभी जिलों से सहकार भारती की दायित्ववान कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय महिला प्रमुख रेवती शेन्दूर्णिकर, महाराष्ट्र से और श्रीमती कृष्णा शर्मा, हरियाणा से विशेष रूप से उपस्थित हुई।
रेवती ने अहिल्याबाई होल्कर के जन्म के त्रिशताब्दी वर्ष में उनके द्वारा समाज व विशेषकर महिलाओं के उत्थान के लिए किए गए कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी देकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया। कृष्णा शर्मा ने देश की सफल महिलाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। स्वयं सहायता समूह में काम करने वाली महिलाओं ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। प्रदेश स्वयं सहायता समूह प्रमुख उर्मिल भूरिया ने महिला सहकारिता समितियों के गठन व इससे होने वाले लाभों के बारे में जानकारी दी। प्रदेश महिला सहकारिता प्रमुख सीमा महंत ने सहकारिता में महिलाओं के योगदान पर बल दिया।
प्रदेश महिला प्रमुख शीतल भारद्वाज ने महिला सशक्तिकरण व उनके आर्थिक उत्थान की आवश्यकता पर चर्चा की। सरकार भारती के प्रांत अध्यक्ष राजेश कुमार, प्रांत महामंत्री संजय वर्मा व प्रांत संगठन प्रमुख विवेक वशिष्ठ ने भी अधिवेशन को संबोधित किया। उन्होंने प्राचीन समय में भारतीय समाज में महिलाओं की स्थिति, कार्यकर्ता निर्माण व संगठन के बिस्तार पर चर्चा की। विभिन्न जिलों से आई महिलाओं ने सहकारिता के क्षेत्र में अपने अनुभव सांझा किए। अधिवेशन में निर्णय लिया गया कि सभी जिलों में महिलाओं को विभिन्न उत्पाद तैयार करने के लिए प्रशिक्षण दिए जाएंगे। अधिवेशन में छ: सत्र हुए।
उपस्थित जनसमूह को केंद्र व राज्य सरकार द्वारा सहकारिता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। प्रदेश सरकार द्वारा सहकारी सभाओं को अपने लाभ की दो प्रतिशत राशि प्रशिक्षण पर व्यय करने हेतु प्रावधान करने के लिए धन्यवाद किया गया। इस प्रावधान से सहकारिता आंदोलन को बढ़ावा मिलेगा। इस अधिवेशन में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों अंजना शर्मा, रमा कुमारी , प्रोमिला चंदेल, राज कुमारी, सरला शर्मा, पूनम शर्मा, अंजना , अनिता सुरेश बाला, बनीता चड्ढा, अंजू राणा, किरण धीमान,रमा, मधु राणा, रजनी कुमारी के अतिरिक्त सभी जिलों से महिला पदाधिकारियों और विभिन्न दायित्वयुक्त कार्यकर्ताओं ने भाग लिया ।
