मुझे गिराने वाले 100 गुना नीचे गिरे, हार के बाद भी सिद्धू के तेवर बरकरार

Spread the love

पंजाब दस्तक(सुरेन्द्र राणा); पंजाब में कांग्रेस की करारी हार के बाद नवजोत सिंह सिद्धू का आश्चर्यजनक बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने जनता के फैसले को सही करार दिया है। सिद्धू ने कहा कि जनता ने परंपरागत राजनीतिक सिस्टम को खारिज कर दिया है, जो अच्छी बात है। सिद्धू ने कहा, ‘यह बदलाव की राजनीति है। मैं पंजाब के लोगों को बधाई देता हूं कि उन्होंने इस तरह का अच्छा फैसला लिया है। पुरानी व्यवस्था को खत्म करके लोगों ने नई नींव रखी है।

लोगों ने बड़ा बदलाव किया है और वे गलत नहीं हैं।’ अमृतसर पूर्व सीट से खुद ‘आप’ कैंडिडेट जीवन ज्योत कौर के हाथों हारने वाले सिद्धू ने कहा, ‘मेरा लक्ष्य पंजाब का विकास करना है। मैं पंजाब के साथ खड़ा हूं और हमेशा साथ रहूंगा। जो भी पंजाब से प्यार करता है, वह हार और जीत की परवाह नहीं करेगा।’

नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि मुद्दा एक ही है कि कैसे पंजाब को जीत दिलाई जाए। यही नहीं एक बार फिर से उन्होंने पार्टी के ही नेताओं पर हमला बोला। सिद्धू ने कहा, ‘जिन लोगों ने नवजोत सिंह सिद्धू के लिए गड्ढा खोदने का काम किया था, वे 100 गुना नीचे जा गिरे। तीन से 4 मुख्यमंत्री हार चुके हैं। यह आपके कर्म ही हैं। जैसा आपने बोया था, वैसा ही काटेंगे।’ यही नहीं नवजोत सिंह सिद्धू ने संकेतों में ही इस हार के लिए चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम फेस बनाए जाने को जिम्मेदार ठहराया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *