ड्यूटी के दौरान बड़ा हादसा: मुबारकपुर-देहरा तंग मोड़ पर क्रॉसिंग के समय हुआ दर्दनाक हादसा, पुलिस महकमे में शोक की लहर!
चिंतपूर्णी/ऊना (विशेष संवाददाता: सुशील – पंजाब दस्तक):
प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी से एक दिल नहला देने वाली और बेहद दुखद खबर सामने आई है। थाना चिंतपूर्णी में तैनात सब-इंस्पेक्टर (SI) राजेश कुमार की ऑन-ड्यूटी सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। जनता को जाम की झंझट से निजात दिलाते समय हुए इस हादसे के बाद पूरे इलाके और पुलिस महकमे में गहरा शोक छा गया है।
तंग मोड़ पर फंसा ट्रैफिक, जाम खुलवाते समय हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, थाना चिंतपूर्णी के एसआई राजेश कुमार अपने साथी हेड कांस्टेबल (HC) मुकेश कुमार के साथ मुख्य मार्ग पर लगे भारी ट्रैफिक जाम को सुचारू करवाने के लिए मुस्तैदी से डटे हुए थे।
इसी दौरान मुबारकपुर और देहरा की ओर से आ रही दो बसें एक बेहद तंग मोड़ पर आमने-सामने से क्रॉस करने लगीं। बसों की क्रॉसिंग के दौरान मोड़ पर जगह कम होने की वजह से एसआई राजेश कुमार दोनों बसों के बीच में आ गए और बुरी तरह दब गए।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
बसों के बीच में कुचले जाने के कारण एसआई राजेश कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद साथी पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग तुरंत उन्हें उठाकर उपचार के लिए सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
जनता की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करते हुए अपनी जान गंवाने वाले जांबाज अफसर एसआई राजेश कुमार की इस दुखद शहादत से पूरा पुलिस महकमा स्तब्ध है। पुलिस प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
पंजाब दस्तक – सच की आवाज़
