हिमाचल में दो दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, सात उपमंडलों में 28 जुलाई तक स्कूल बंद

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बुधवार और गुरुवार के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। प्रदेश में 31 जुलाई तक मौसम खराब बना रहेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 26 से 27 जुलाई के दौरान राज्य में वर्षा की गतिविधियों में वृद्धि की संभावना है। इस दौरान चंबा, कांगड़ा, शिमला, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, सोलन, सिरमौर, ऊना, हमीरपुर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिले के  जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। 30 जुलाई से अगले 2 दिनों तक राज्य में वर्षा गतिविधि की तीव्रता और वितरण में कमी आने की संभावना है। वहीं, अगले चार से पांच दिनों के भीतर औसत अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य रहने की संभावना है।

शिमला जिले के सात उपमंडलों  में स्कूल 28 जुलाई तक बंद
उधर, भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए शिमला जिले के सात उपमंडलों में 28 जुलाई तक स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। इनमें रामपुर बुशहर, डोडरा क्वार जुब्बल, कोटखाई, चौपाल, रोहड़ू व ठियोग उपमंडल के स्कूल शामिल हैं। रामपुर बुशहर उपमंडल के तहत आने वाले सभी सरकारी व निजी स्कूल 28 जुलाई तक बंद रखने का फैसला लिया गया है। इस संबंध में एसडीएम रामपुर निशांत तोमर की ओर से अधिसूचना जारी की गई है।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग मंडल रामपुर बुशहर में अभी तक भी 60 ग्रामीण सड़कें बंद पड़ी हैं। इन सड़कों पर यातायात शुरू नहीं होने के चलते लोगों की परेशानी बढ़ी है। वहीं, मौसम विभाग की अगले से दो से तीन दिनों तक भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए स्कूलों को 28 जुलाई तक बंद रखने का फैसला लिया गया है जाकि विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े। वहीं, सीबीएससी व आईसीएससी से संबद्ध स्कूल विद्यार्थियों व स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपने स्तर पर फैसला ले सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *