हिमाचल प्रदेश में 128 पंचायतें निर्विरोध चुनीं, मिलेंगे 25-25 लाख रुपये

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा:हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव से पहले 128 पंचायतों को निर्विरोध चुन लिया गया है। इन पंचायतों को 25-25 लाख रुपये मिलेंगे। शुक्रवार को नाम वापसी के अंतिम एक ओर जहां उम्मीदवारों की तस्वीर साफ हो गई। अब तक के सामने आए आंकड़े में शिमला में सबसे अधिक 42 पंचायतों को निर्विरोध चुन लिया गया है। इसके अलावा सिरमौर जिले में 28, सोलन में 12, और किन्नौर जिले से 18 पंचायतों को चुनने का आंकड़ा सामने आया है। बिलासपुर जिले में केवल एक ही पंचायत को निर्विरोध चुना गया है। इसके अलावा निचले हिमाचल से 27 पंचायतें आपसी सहमति से निर्विरोध निर्वाचित हुईं हैं।

इनमें सबसे अधिक लाहौल-स्पीति में 17 पंचायतें शामिल हैं। लाहौल में 8, स्पीति में 9, कुल्लू में 3, चंबा में एक, मंडी में एक, कांगड़ा में एक और ऊना में 5 पंचायतों में सहमति बनी है। कुल्लू जिले में न्योली, शियाह और आनी ब्लॉक की एक पंचायत को निर्विरोध चुना है। चंबा जिले के विकास खंड सलूणी की ग्राम पंचायत करवाल, मंडी जिले के विकास खंड चौंतड़ा की गोलंवा पंचायत निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुई है। इसी तरह ऊना जिले की पांच पंचायतों निचला पंडोगा, जखेवाल, बोहरू और ग्राम पंचायत उदयपुर में प्रधान, उपप्रधान और पंच प्रतिनिधियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया। ऊना की पूना बीनेबाल पंचायत भी सर्वसम्मति से चुनी गई है। कांगड़ा जिले के परागपुर ब्लाॅक की बगली पंचायत निर्विरोध निर्वाचित हुई है।

जिला शिमला की 42 ग्राम पंचायतें निर्विरोध चुन ली गई हैं। इस बार करीब 9.52 प्रतिशत पंचायतों में बिना चुनाव के ही प्रतिनिधि चुन लिए गए। जबकि दूसरी ओर पिछले चुनाव में 19 पंचायतें निर्विरोध चुनी गई थीं। जिला पंचायत अधिकारी डॉ. विनय कुमार ने बताया कि जिला के चौपाल विकास खंड में सबसे अधिक 10 पंचायतें निर्विरोध चुनी गई हैं। इनमें खद्दर, बिजमल, कुताह, क्यारी (शिलान), बघार (चौकी), सराहन, पंदराडा, जवाग चमरोग, लछोग और बोहर पंचायत शामिल हैं। इसके अलावा छोहारा विकास खंड की सात पंचायतें भी निर्विरोध चुनी गई हैं, जिनमें अम्बोई, खरशाली, धमवाड़ी, दियुड़ी-मायला, पेखा, रनोल और थाना पंचायत शामिल हैं। ठियोग विकास खंड में भी सात पंचायतें निर्विरोध रहीं। इनमें बलग, रौनी मतियाना, भोगड़ा-पल्ली, घूंड, क्यारा, ग्वाही देवी मोड़ और मुंडू पंचायतें शामिल हैं। रोहड़ू विकास खंड में पांच पंचायत करचरी, पुजारली-3, जगोठी, मुंचारा और अंतापु-बताड़ी पंचायतों में सर्वसम्मति बनी है। इसके अलावा बसंतपुर ब्लॉक में मंडयालु, हिमरी, रामपुर ब्लॉक में बढ़ाल, कूट, कोटखाई ब्लॉक में गुम्मा, थरोला व घुंड भड़ेच , कुपवी में चुरयाना डाक शरड़, मालत व बाग धमराह, जुब्बल ब्लॉक में भोलाड़, ननखड़ी ब्लॉक में शोली और नारकंडा ब्लॉक में शलोंथा पंचायत निर्विरोध चुनी गई है। उधर, ग्रामीण क्षेत्रों में इसे आपसी सौहार्द और सहमति की मिसाल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *