मीनाक्षी, वरिष्ठ पत्रकार, पंजाब दस्तक
शिमला: हिमाचल प्रदेश की सरकारी स्कूली शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत ने विभाग के दावों को कठघरे में खड़ा कर दिया है। प्रदेश में देश के बेहतर छात्र-शिक्षक अनुपात होने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर 420 सरकारी स्कूल ऐसे हैं, जहां विद्यार्थियों की संख्या के मुकाबले पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं। बच्चों के भविष्य से जुड़े इस अहम मुद्दे पर आंकड़ों और जमीनी हालात का अंतर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
असमान वितरण से बच्चों की पढ़ाई पर भारी मार
शिक्षा व्यवस्था की इस तस्वीर का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि प्रदेश स्तर पर अनुपात बेहतर दिखने के बावजूद स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती एकसमान नहीं है। कम विद्यार्थियों वाले स्कूलों की अधिक संख्या और शिक्षकों के असमान वितरण के चलते कई संस्थानों में जरूरत के हिसाब से अध्यापक नहीं पहुंच पा रहे हैं। नतीजतन, कई जगह एक ही शिक्षक को कई कक्षाओं का बोझ उठाना पड़ रहा है और विषयवार पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। केवल औसत आंकड़ों के भरोसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की तस्वीर पूरी नहीं हो पा रही है।
अनुपात बेहतर, फिर भी 11 जिलों में किल्लत
विभागीय आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में प्राथमिक स्तर पर 12 विद्यार्थियों पर एक, उच्च प्राथमिक स्तर पर 11 विद्यार्थियों पर एक और उच्च व वरिष्ठ माध्यमिक स्तर पर 10 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक मौजूद है। इसके बावजूद 12 में से 11 जिलों के 420 सरकारी स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं।
जिलों के आंकड़ों पर गौर करें तो चंबा सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां 88 सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी सामने आई है। इसके बाद सोलन में 63, कांगड़ा में 50 और मंडी में 44 स्कूलों में यह स्थिति है। सिरमौर के 42, ऊना के 37, कुल्लू के 33 और शिमला के 27 स्कूलों में भी पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। इसके अलावा हमीरपुर के 19, बिलासपुर के 15 और किन्नौर के 2 स्कूल भी इस सूची में शामिल हैं।
देखते रहें पंजाब दस्तक, सच की आवाज
