मीनाक्षी, वरिष्ठ पत्रकार, शिमला
शिमला: राज्य बिजली बोर्ड के कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है। अब बोर्ड कर्मियों की वरिष्ठता सूची को नए सिरे से तैयार किया जाएगा, जिसमें उनकी अनुबंध सेवा अवधि को भी जोड़ा जाएगा। उच्च न्यायालय के आदेशों को जमीन पर उतारने के लिए बिजली बोर्ड प्रबंधन ने कमर कस ली है और सभी मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं व नियुक्ति प्राधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
आपत्तियों के बाद अंतिम सूची और फिर डीपीसी
प्रबंधन के दिशा-निर्देशों के मुताबिक सबसे पहले अनुबंध सेवाकाल को शामिल करते हुए अस्थायी वरिष्ठता सूची तैयार की जाएगी। इस सूची पर आने वाली आपत्तियों का समाधान करने के बाद ही अंतिम सूची प्रकाशित होगी। नई वरिष्ठता सूची के आधार पर विभागीय पदोन्नति समितियों (डीपीसी) की बैठकें आयोजित होंगी, जबकि जिन पुराने मामलों में वरिष्ठता क्रम में बदलाव आएगा, उनके लिए समीक्षा डीपीसी की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
अदालती फैसले के बाद खुला रास्ता
गौरतलब है कि 25 अप्रैल 2026 को देवेंद्र कुमार मामले में उच्च न्यायालय ने भर्ती एवं सेवा शर्तें अधिनियम 2024 को निरस्त कर दिया था। इसके बाद 29 जुलाई 2026 को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सरकार की याचिका खारिज किए जाने के बाद इस फैसले को लागू करने की राह साफ हो गई।
आर्थिक लाभों व मंजूरी की यह रहेगी व्यवस्था
डीपीसी से हरी झंडी मिलने के बाद कर्मचारियों के वित्तीय लाभों का हिसाब-किताब किया जाएगा, लेकिन अंतिम आदेश जारी करने से पूर्व सभी मामलों को बोर्ड सचिवालय के माध्यम से प्रशासनिक विभाग की स्वीकृति के लिए भेजना जरूरी होगा। जिन कर्मियों को पहले पदोन्नति मिल चुकी है, उन्हें वास्तविक कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से और नए पदोन्नत कर्मियों को आदेश के तहत कार्यभार संभालने की तिथि से लाभ मिलेगा। वहीं, बदली हुई सूची में नीचे आने वाले पूर्व पदोन्नत कर्मचारियों के मामले में पिछली डीपीसी की समीक्षा कर खाली पदों की उपलब्धता के अनुसार लाभ तय किया जाएगा।
देखते रहें पंजाब दस्तक, सच की आवाज
