सुरेंद्र राणा, ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक
शिमला: हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ ने प्रिंसिपल पदोन्नति कोटे में जारी असमानता को लेकर सख्त रुख अपनाया है। संवाद के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने सवालों के जवाब में स्पष्ट किया कि पदोन्नति का अनुपात दोनों कैडरों की वास्तविक संख्या के आधार पर तय किया जाना चाहिए और प्रवक्ताओं का कोटा बढ़ाकर 95.5 प्रतिशत किया जाए। साथ ही संघ ने अटकी पड़ी पदोन्नति सूची को शीघ्र जारी करने की मांग भी की।
50-50 के अनुपात पर सवाल और संख्या का गणित
पंजाब दस्तक से बातचीत में संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजय नेगी और प्रांतीय मुख्य मीडिया सचिव राजन शर्मा ने कहा कि मौजूदा व्यवस्था में प्रिंसिपल पद के लिए प्रवक्ता और मुख्याध्यापक कैडर के बीच 50-50 का अनुपात लागू है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 18,000 प्रवक्ता कार्यरत हैं, जबकि मुख्याध्यापक कैडर में केवल 850 अधिकारी ही तैनात हैं। ऐसे में दोनों कैडरों को समान कोटा देना व्यावहारिक और न्यायसंगत नहीं है।
बिना पदोन्नति सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षक, एरियर व डीए की मांग
राजन शर्मा ने कहा कि कई टीजीटी (TGT) कर्मियों को मुख्याध्यापक और फिर प्रिंसिपल बनने तक दो से तीन बार पदोन्नति के अवसर मिल जाते हैं, जबकि सीधे नियुक्त प्रवक्ताओं को प्रिंसिपल पद तक पहुंचने के लिए केवल एक ही पदोन्नति का मौका मिलता है। पदोन्नति प्रक्रिया में देरी के चलते बड़ी संख्या में प्रवक्ता बिना पदोन्नति के ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इसके अलावा संघ ने कर्मचारियों के लंबित एरियर और महंगाई भत्ते (डीए) का तुरंत भुगतान करने की मांग भी उठाई।
देखते रहें पंजाब दस्तक, सच की आवाज
