शिमला (विशेष ब्यूरो):
राजधानी शिमला के ऑकलैंड क्षेत्र में पिछले कल देर रात एक बड़ा हादसा होने की खबर सामने आई है। भारी बारिश के चलते ऑकलैंड के पास एक विशालकाय डंगा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। इस डंगे के मलबे की चपेट में आने से नीचे पार्क की गई कई गाड़ियां पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। गनीमत यह रही कि हादसा रात के समय हुआ, जिससे किसी जानी नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा है।
पानी रिसने और पहाड़ी खिसकने से बढ़ा खतरा
’पंजाब दस्तक’ ने पहले भी इस तरह के खतरों को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। बरसात के इस मौसम में लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ियों और डंगों में धीरे-धीरे पानी रिसता (सीपेज) रहता है। पानी के इस निरंतर बहाव से मिट्टी ढीली हो जाती है, जिससे अचानक पहाड़ी सिलकने या भारी-भरकम डंगे बैठने का खतरा अत्यधिक बढ़ जाता है। ऑकलैंड में हुआ यह हादसा भी इसी का नतीजा माना जा रहा है।
पर्यटकों और स्थानीय लोगों से ‘पंजाब दस्तक’ की विशेष अपील
इस गंभीर हादसे के बाद ‘पंजाब दस्तक’ एक बार फिर सभी स्थानीय निवासियों और बाहर से आने वाले पर्यटकों से पुरजोर अपील करता है:
डंगों के नीचे पार्किंग से बचें: बरसात के दिनों में किसी भी ऊंचे डंगे, ढलानी रास्तों या असुरक्षित पहाड़ियों के नीचे अपनी गाड़ियां भूलकर भी पार्क न करें।
सुरक्षित स्थानों का चयन करें: मौसम के मिजाज को देखते हुए अपने वाहनों को केवल चिन्हित और पूरी तरह सुरक्षित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें।
सतर्कता ही बचाव है: यात्रा के दौरान या वाहन पार्क करते समय आसपास की ढलानों और डंगों की स्थिति पर नजर जरूर रखें।
बरसात में थोड़ी सी लापरवाही बड़े नुकसान का कारण बन सकती है, इसलिए सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।
