सुरेंद्र राणा, ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक, चंडीगढ़ न्यूज रूम:
हिमाचल प्रदेश में बुजुर्ग पेंशनरों के हक और सम्मान की लड़ाई अब सड़क से लेकर सियासी गलियारों तक गरमा गई है। हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघ समिति के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने प्रशासन, पुलिस और सरकार की कार्रवाई पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिन थानों में मजलूमों और पीड़ितों की फरियाद लिखी जानी चाहिए थी, वहां बुजुर्ग और वरिष्ठ नागरिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि पेंशनर न रुकेंगे, न झुकेंगे और न ही डरेंगे, बल्कि अपने हक और न्याय के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।
सुरेश ठाकुर ने पुलिस की कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि पुलिस ने व्यवस्था को तमाशा बना दिया है और बेगुनाह बुजुर्गों को मुजरिम की तरह पेश किया जा रहा है। हजारों की संख्या में पेंशनर शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा तपोवन की ओर कूच कर रहे थे। रास्ते में बुजुर्ग पेंशनर थक गए और कुछ समय के लिए बैठ गए, जिससे थोड़ी देर के लिए ट्रैफिक रुका, लेकिन उसी बात को आधार बनाकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या बुजुर्ग पेंशनर इस प्रदेश के नागरिक नहीं हैं और क्या उन्होंने 35 से 40 साल तक प्रदेश की सेवा नहीं की है।
पेंशनर नेता ने वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के लंबित वित्तीय लाभों का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने कहा कि 2016 से 2022 के बीच रिटायर हुए पेंशनरों का क्या गुनाह है जो उन्हें आज तक एरियर, कम्यूटेशन पेंशन, ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट और डीए की किस्तों जैसी जायज देनदारियों के लिए भटकना पड़ रहा है। दूसरी ओर, सरकार की तरफ से यह दलील दी जा रही है कि क्लास-4 को दे दिया गया है, क्लास-4 और क्लास-3 का काम चल रहा है और चरणबद्ध तरीके से धीरे-धीरे भुगतान चुकता किया जा रहा है, टुकड़ों में पैसा दिया जा रहा है।
इस सरकारी तर्क पर पलटवार करते हुए सुरेश ठाकुर ने कहा कि यह ठीक है कि सरकार का पैसा कहीं जाता नहीं है, देर-सवेर मिलेगा, लेकिन जीते जी मिल जाए तो उसका असली लाभ है। यदि पैसा मरने के बाद मिलेगा, तो उस मेहनत से कमाए हुए पैसे का क्या फायदा? उन्होंने कहा कि बुजुर्ग पेंशनरों की उम्र ढल रही है, घर में बच्चों की शादियां अटकी पड़ी हैं, परिवार में बेरोजगारी की मार है और लोग अपनी ही कमाई के लिए तरस रहे हैं। अपने हक का इंतजार करते-करते कई बुजुर्ग पेंशनर स्वर्गवास भी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने मांग की कि दर्ज एफआईआर को तुरंत रद्द किया जाए और सरकार पेंशनरों से बातचीत कर उनकी जायज मांगों का समाधान करे।
सुरेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री के जाने और प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि माननीय मुख्यमंत्री जी को जाना ही था तो उनका स्वागत है, क्योंकि मुख्यमंत्री को कई जगह जाना पड़ता है, लेकिन कम से कम हमसे बात करके जाते। न बात की गई और न ही हमें बुलाया गया। उन्होंने कहा कि जब पेंशनर वहां गए तो उनके कुछ लोग मिलने भी गए लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। सुरेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने पेंशनरों से झूठ बोला और गुमराह किया। जब वे वहां से निकले तो तपोवन के गेट पर उन्हें रोक लिया गया, किसी से बात नहीं करवाई गई और बुजुर्ग पेंशनर रात को 8:00 बजे तक कड़कती ठंड में बैठे और खड़े रहे। उन्होंने तीखा सवाल किया कि यह कहां का न्याय है और क्या यही व्यवस्था परिवर्तन है।
आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी देते हुए सुरेश ठाकुर ने साफ कहा कि अभी तक तो यह छोटा सा पड़ाव है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो अगला कदम सचिवालय का घेराव होगा। उन्होंने ऐलान किया कि सचिवालय का घेराव किया जाएगा और जहां-जहां मुख्यमंत्री जाएंगे, वहां-वहां पेंशनर भी पहुंचेंगे, क्योंकि यह कोई भीख नहीं बल्कि बुजुर्गों का अपना मेहनत से कमाया हुआ पैसा है। उन्होंने कहा कि जब तक बुजुर्गों का यह अपना पैसा उन्हें नहीं मिल जाता, तब तक पेंशनर पीछे नहीं हटेंगे।
पंजाब दस्तक के जनता से दो सीधे सवाल:
1. 35 से 40 साल तक प्रदेश की सेवा करने वाले बुजुर्ग पेंशनरों को तपोवन के गेट पर रोककर रात 8 बजे तक कड़कती ठंड में रखने, एफआईआर दर्ज करने और बिना बात किए जाने की कार्रवाई को आप कैसे देखते हैं?
2. वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों के एरियर, ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन, लीव इनकैशमेंट और डीए की किस्तों के भुगतान में देरी और सचिवालय घेराव की चेतावनी पर सरकार को तुरंत क्या कदम उठाने चाहिए?
आपकी हर बात को शासन और प्रशासन तथा ऐसे मामलों को आगे तक पहुंचाने के लिए आज ही सब्सक्राइब करें और फॉलो करें पंजाब दस्तक। देखते रहें पंजाब दस्तक – सच की आवाज़।
