पंजाब दस्तक
विशेष रिपोर्ट: ब्यूरो चीफ सुरेंद्र राणा, पंजाब दस्तक
चंडीगढ़ / पंजाब:
पंजाब स्टेट मिनिस्टीरियल सर्विसेज यूनियन – PSMSU (Punjab State Ministerial Services Union) ने पंजाब सरकार के खिलाफ आर-पार के महासंग्राम का बिगुल फूंक दिया है। अपने हक और इंसाफ के लिए संघर्ष कर रहे पंजाब के लाखों कर्मचारियों का सब्र अब पूरी तरह टूट चुका है। PSMSU (पंजाब स्टेट मिनिस्टीरियल सर्विसेज यूनियन) ने पंजाब सरकार को 15 अगस्त तक का सीधा और सख्त अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के ऐतिहासिक फैसले के अनुसार कर्मचारियों का बकाया महंगाई भत्ता (DA) तुरंत जारी किया जाए और लटकी हुई मांगों पर तुरंत नोटिफिकेशन निकाला जाए।
यूनियन ने दोटूक चेतावनी दी है कि यदि 15 अगस्त तक सरकार ने फैसला न लिया, तो राज्यभर में ऐसा प्रचंड आंदोलन होगा जिससे पूरी प्रशासनिक व्यवस्था ठप हो जाएगी।
यह कड़ा फैसला यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह विर्क और जनरल सेक्रेटरी तरसेम भट्ठल की अगुवाई में हुई उच्चस्तरीय आपातकालीन बैठक में लिया गया।
11 अगस्त को सड़कों पर गूंजे ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा कर्मचारी संगठनों को ‘एंटी-स्टेट’ (राज्य विरोधी) बताए जाने पर कर्मचारियों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। वित्त मंत्री के इस गैर-जिम्मेदाराना बयान का मुंहतोड़ जवाब देने और अपनी चट्टानी राष्ट्रभक्ति का प्रमाण देने के लिए 11 अगस्त (मंगलवार) को राज्यभर के कर्मचारी सड़कों पर उतरे।
कर्मचारियों ने हाथों में ‘राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा’ थामकर सभी जिला मुख्यालयों पर विशाल तिरंगा रैलियां निकालीं। इस दौरान पूरा पंजाब ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। कर्मचारियों ने साफ संदेश दिया कि अपने हक के लिए आवाज उठाने वालों को राष्ट्रविरोधी कहने की जुर्रत कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही PSMSU ने ऐलान किया है कि 13 अगस्त को पूरे पंजाब में वित्त मंत्री हरपाल चीमा के पुतले फूंके जाएंगे।
मुख्यमंत्री की 27 अगस्त की मीटिंग छलावा: सीधा नोटिफिकेशन जारी करे सरकार
यूनियन के शीर्ष नेतृत्व ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा 27 अगस्त को बुलाई गई बैठक को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। नेताओं ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले चार-साढ़े चार सालों से ऐसी अनगिनत बेनतीजा बैठकें होती रही हैं, जिनमें केवल कोरे आश्वासन मिले हैं, इंसाफ नहीं।
यूनियन ने दोटूक शब्दों में कहा कि अब बैठकों का समय खत्म हो चुका है। सरकार समय बर्बाद करने के बजाय तुरंत हाई कोर्ट के फैसले को लागू करने का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करे, ताकि कर्मचारियों को उनका वाजिब हक मिल सके। प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह विर्क ने कहा, “कर्मचारियों के साथ लगातार धक्का किया जा रहा है। अब पानी सिर से ऊपर निकल चुका है, इसलिए संघर्ष को चरम पर ले जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।”
17 और 18 अगस्त को पूरे पंजाब में ‘कलम छोड़’ और ‘कंप्यूटर बंद’ हड़ताल
यदि 15 अगस्त तक पंजाब सरकार ने डीए और अन्य लंबित मांगों का स्थायी समाधान नहीं निकाला, तो 17 और 18 अगस्त को पूरे पंजाब में दो दिवसीय ऐतिहासिक ‘कलम छोड़’ और ‘कंप्यूटर बंद’ हड़ताल की जाएगी। इस दौरान पंजाब के सभी सरकारी कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह ठप रहेगा और कर्मचारी सड़कों पर उतरकर सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे।
एकजुट हुआ समूचा यूनियन नेतृत्व
इस अहम बैठक में पंजाबभर से पहुंचे तमाम दिग्गज नेताओं ने एक सुर में सरकार के खिलाफ हुंकार भरी। बैठक में मुख्य रूप से:
रणबीर सिंह बडवाल, अनिरुद्ध मोदगिल, पिप्पल सिंह सिद्धू, जगदीश ठाकुर, तेजेंद्र सिंह नंगल, गुरप्रीत सिंह खटारा, अमित अरोड़ा, मंजिंदर सिंह संधू, खुशकरनजीत सिंह, विनोद सागर, कीमती लाल, संदीप भार्गव, लखवीर सिंह ग्रेवाल, नरेंद्र सिंह चीमा, सुनील कुमार
जसदीप सिंह चहल, प्रताप सिंह, जसवंत सिंह मोजो, जैमल सिंह, मैनुअल नाहर, अजय सिद्धू, मोहम्मद शरीफ, अमरप्रीत सिंह, सुखदेव कंबोज, हितेश शर्मा, संदीप सिंह भंबक, प्रदीप विनायक, जगसीर सिंह, गुरमेल सिंह विर्क, नरेंद्र सिंह गिल
हरजिंदर सिंह, राजवी शर्मा, अमित कटोच, सतीश मुनक, गुरसेवक सिंह और अंग्रेज सिंह सहित सैकड़ों पदाधिकारी व प्रतिनिधि शामिल हुए।
सच्ची, निष्पक्ष और बिना किसी दबाव के उठती सच की आवाज!
सरकार, एंप्लॉइज, किसानों और बागबानों से जुड़ी पल-पल की सटीक खबरें सबसे पहले देखने के लिए गूगल पर सीधे ‘पंजाब दस्तक’ टाइप करें और हमारी वेबसाइट पर अपनी खबरें पाएं।
सच की सच्ची खबर और पल-पल की अपडेट्स के लिए पंजाब दस्तक के फेसबुक पेज और चैनल को फॉलो करें, लाइक करें, शेयर करें और सब्सक्राइब करें।
पंजाब दस्तक — आपका साथी, आपका भरोसेमंद चैनल, सच की बुलंद आवाज!
📧 संपर्क करें: punjabdastak@gmail.com | 🌐 वेबसाइट: www.punjabdastak.com
