नीट पेपर लीक पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तेज

नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर नरेश चौहान ने साधा निशाना, मांगा इस्तीफा।

Spread the love

शिमला। मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में इंडिया गठबंधन की हालिया बैठक में इस मुद्दे पर गंभीर चर्चा हुई, जिसमें 25 राजनीतिक दलों ने भाग लिया और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए पांच बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई का निर्णय लिया गया।


नरेश चौहान ने कहा कि नीट परीक्षा में करीब 23 लाख विद्यार्थी शामिल हुए थे। इन छात्रों और उनके परिवारों ने वर्षों तक कड़ी मेहनत और त्याग के साथ परीक्षा की तैयारी की, लेकिन बार-बार पेपर लीक होने की घटनाओं ने उनकी मेहनत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा का प्रश्नपत्र बाजार में पहुंचना देश की परीक्षा प्रणाली की बड़ी विफलता है।


उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी शुरुआत से ही इस मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी तय करने की मांग की थी। चौहान ने कहा कि नैतिक आधार पर धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने प्रधानमंत्री से शिक्षा मंत्री को पद से हटाने की मांग करते हुए कहा कि इससे देश में एक सकारात्मक संदेश जाएगा।


नरेश चौहान ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा प्रबंधन में सामने आई खामियों ने देश की शिक्षा व्यवस्था की साख को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि यह चिंताजनक है कि परीक्षाओं के सुरक्षित संचालन के लिए अब वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की मदद लेने की बात हो रही है।


उन्होंने कहा, “सेना, वायुसेना और नौसेना का काम देश की सुरक्षा करना है। यदि परीक्षा पत्रों को सुरक्षित पहुंचाने के लिए सशस्त्र बलों की सहायता लेनी पड़ रही है तो यह हमारी व्यवस्था की गंभीर कमजोरी को दर्शाता है।”


चौहान ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले से देशभर के लाखों छात्र और अभिभावक प्रभावित हुए हैं। उन्होंने दोहराया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए या केंद्र सरकार उन्हें पद से हटाए।
बाइट,,, नरेश चौहान, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *