भरमौर में बिजली विभाग की लापरवाही, जानलेवा तारों पर ग्रामीणों का आंदोलन

​भरमौर: क्या जानबूझकर मौत का जाल बिछा रहा बिजली विभाग? ग्रामीणों की दो टूक चेतावनी- ‘हादसा हुआ तो सीधे जेई, एसडीओ और एक्सईएन पर दर्ज होगा मुकदमा’

Spread the love

पंजाब दस्तक
​ब्यूरो चीफ: भेषज (चंबा-भरमौर)
​भरमौर/चंबा: भरमौर के बड़ग्राम पंचायत स्थित गांव खनबग्गा में बिजली विभाग की लापरवाही ने अब हदें पार कर दी हैं। स्थानीय लोगों ने पंजाब दस्तक से बात करते हुए बिजली विभाग को खुली चेतावनी दी है कि यदि उनके खेतों के ऊपर लटकती बिजली की जानलेवा तारों के कारण कोई अनहोनी हुई, तो इसके लिए सीधे तौर पर स्थानीय जेई, एसडीओ और एक्सईएन (XEN) जिम्मेदार होंगे। ग्रामीणों ने साफ कहा है कि अब वे सिर्फ शिकायत नहीं करेंगे, बल्कि दोषियों पर कानूनी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करवाने के लिए अदालत का दरवाजा भी खटखटाएंगे।


​’सिर्फ हादसे का इंतजार कर रहा विभाग’
ग्रामीणों ने स्थिति की भयावहता को उजागर करते हुए बताया कि खेतों के ऊपर से गुजर रही ये तारें इतनी नीचे हैं कि छूने को तैयार हैं। रात के अंधेरे में या बरसात के मौसम में यहां से गुजरना किसी के लिए भी मौत का निमंत्रण देने जैसा है। स्थानीय निवासी अशोक ने रोष जताते हुए कहा कि उन्होंने विभाग के हर स्तर पर गुहार लगाई है और माननीय विधायक डॉ. जनक राज तक भी समस्या पहुंचाई है, लेकिन विभाग कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ है।


​सीधी चेतावनी: अब नहीं बख्शे जाएंगे जिम्मेदार
गुस्साए ग्रामीणों ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “हमने बार-बार जेई और एसडीओ को अवगत करवाया है, लेकिन वे शायद किसी बड़ी अनहोनी के इंतजार में बैठे हैं। अब अगर कोई मिस-हैपनिंग होती है, तो इसका सीधा जिम्मा बिजली विभाग के जेई, एसडीओ और एक्सईएन का होगा। हम इस मामले को लेकर अदालत में भी कार्रवाई करेंगे, क्योंकि चेतावनी देने के बावजूद विभाग अपनी जिम्मेदारी से भाग रहा है।”


​व्यवस्था परिवर्तन पर बड़ा सवाल
भरमौर की जनता अब सवाल कर रही है कि क्या इसी ‘व्यवस्था परिवर्तन’ के नाम पर आम जनता को मरने के लिए छोड़ दिया गया है? क्या अधिकारियों की जिम्मेदारी केवल कुर्सी पर बैठकर फाइलें घुमाना है, या जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उनका कर्तव्य है?
​पंजाब दस्तक के माध्यम से भरमौर की जनता ने प्रशासन को अंतिम चेतावनी दी है कि यदि इन खतरनाक तारों को तुरंत नहीं हटाया गया, तो विभाग के इन लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ बड़ा जन-आंदोलन छेड़ दिया जाएगा।
​इस तरह की तमाम महत्वपूर्ण खबरों और जनहित के मुद्दों के लिए पंजाब दस्तक को सब्सक्राइब और फॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *