मोहाली, 13 जून 2026: भाजपा पंजाब के प्रदेश प्रेस सचिव हरदेव सिंह उभ्भा एवं वार्ड नंबर 41 की भाजपा पार्षद गुरप्रीत कौर उभ्भा ने पंजाब सरकार से मांग की है कि मोहाली के लोगों को जल्द से जल्द स्वच्छ एवं सुरक्षित पीने योग्य नहरी पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आज मोहाली की जनता की एक ही पुकार है – “पीने योग्य नहरी पानी दो, भगवंत मान सरकार।”
उन्होंने कहा कि मोहाली के कई क्षेत्रों में लोग आज भी भूजल और ट्यूबवेलों पर निर्भर हैं, जिसके कारण पानी की गुणवत्ता और उपलब्धता को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार और नगर निगम को नहरी पानी की आपूर्ति बढ़ाने से संबंधित योजनाओं एवं परियोजनाओं को प्राथमिकता देकर जल्द से जल्द पूरा करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 41 के अंतर्गत आने वाले गांव संभालकी, नानू माजरा, वेव एस्टेट सेक्टर-85, प्रीत सिटी सेक्टर-86 और सेक्टर-88 सहित पूरे मोहाली के लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पीने योग्य नहरी पानी की आपूर्ति मिलना उनका अधिकार है। पंजाब सरकार को लोगों के स्वास्थ्य और भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
उभ्भा ने कहा कि भाजपा जनता की बुनियादी जरूरतों और अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी तथा मोहाली के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ और सुरक्षित पीने योग्य पानी उपलब्ध करवाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
