वरिष्ठ पत्रकार, ओमांश
मंडी: मंडी में आयोजित नवनिर्वाचित प्रधानों के शपथ ग्रहण समारोह में उस समय सियासी हलचल मच गई जब कांग्रेस के दो दिग्गज नेताओं ने कार्यक्रम से किनारा कर लिया, जबकि भाजपा के दो विधायकों ने मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर सबको चौंका दिया। इस घटनाक्रम के बाद मंडी की राजनीति में नए कयासों का दौर शुरू हो गया है।
कांग्रेस के दिग्गजों की अनुपस्थिति, चर्चाओं का बाजार गर्म
समारोह में पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। इस महत्वपूर्ण आयोजन से बल्ह के दिग्गज नेता प्रकाश चौधरी और द्रंग के कद्दावर नेता कौल सिंह ठाकुर की दूरी ने राजनीतिक गलियारों में अटकलों को हवा दे दी है। कौल सिंह ठाकुर ने स्पष्ट किया कि उन्हें मंत्री की ओर से फोन नहीं आया था, इसलिए वे समारोह में नहीं गए। उन्होंने कहा कि वे अक्सर उन्हीं कार्यक्रमों में जाते हैं जहाँ से उन्हें बुलाया जाता है।
भाजपा विधायकों का आगमन और कांग्रेसियों की प्रतिक्रिया
कार्यक्रम के दौरान अचानक भाजपा के मंडी सदर विधायक अनिल शर्मा और द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर मंच पर पहुँचे। इन दोनों के आगमन से मंच पर विराजे कांग्रेसी नेता असहज नजर आए। हालाँकि, धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने उदारता दिखाते हुए विधायक अनिल शर्मा को अपनी सीट ऑफर की, जिसके बाद अन्य कांग्रेसी नेताओं ने भी अपनी जगह व्यवस्थित कर दोनों भाजपा विधायकों के बैठने का प्रबंध किया।
क्या पाला बदलने की है तैयारी?
सियासी जानकारों का मानना है कि मंडी में जिस तरह से कांग्रेसी दिग्गज दूरी बना रहे हैं और भाजपा विधायक सक्रिय हो रहे हैं, उससे भविष्य की राजनीति के समीकरण बदलते दिखाई दे रहे हैं। चर्चाओं का बाजार इस बात पर भी गर्म है कि क्या अपनी सियासी हसरतों को पूरा करने के लिए नेता फिर से पाला बदलने की तैयारी में तो नहीं हैं? उल्लेखनीय है कि मंडी सदर विधायक अनिल शर्मा पूर्व में कांग्रेस सरकार में मंत्री रह चुके हैं, और पूर्ण चंद ठाकुर भी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रहने के बाद भाजपा में शामिल होकर विधायक बने हैं।
क्या बोले अनिल शर्मा?
मंडी सदर विधायक अनिल शर्मा ने अपनी एंट्री पर सफाई देते हुए कहा कि वे शपथ समारोह में शामिल होने के लिए तीन विधायक चले थे, लेकिन मंच तक दो ही पहुँच पाए। बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी किसी अन्य भाजपा कार्यक्रम में व्यस्तता के कारण बीच में ही रुक गए थे।
मंडी से जुड़ी ऐसी ही ताजा और विश्वसनीय खबरों के लिए पंजाब दस्तक के साथ जुड़े रहें। हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें और यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें।
