Himachal Weather: भूस्खलन से 116 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बाधित, पांच दिन कुछ भागों में भारी बारिश का अलर्ट

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा:  प्रदेश में बारिश से जगह-जगह भूस्खलन से एक नेशनल हाईवे व 116 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बाधित है। शुक्रवार सुबह 10:00 बजे तक राज्य में 21 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप रहे। राज्य में 11 जल आपूर्ति योजनाएं गाद आने से प्रभावित चल रही हैं। शिमला, मंडी, कुल्लू व कांगड़ा जिले में सबसे ज्यादा सेवाएं प्रभावित है। लोक निर्माण व अन्य विभाग संबंधित सेवाओं की बहाली के काम में लगे हैं। वहीं अलर्ट के बीच राजधानी शिमला में शुक्रवार शाम को झमाझम बारिश दर्ज की गई, दिन में धूप खिली रही।

उधर, कांगड़ा जिले के देवग्रां में पालमपुर से पंचरुखी व जयसिंहपुर सड़क का कुछ हिस्सा बह गया। साथ ही पानी व मलबा साथ लगते घर के आंगन में घुसा गया। इससे आंगन में खड़ी गुड्डू पुत्र राम लाल की स्कूटी बह गई। साथ ही घर आए मेहमान की स्कूटी भी मलबे के साथ बह गई। भारी बारिश से पालमपुर में लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह का डंगा गिर गया।

प्रदेश के कुछ भागों में आगामी एक सप्ताह तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से राज्य के कुछ स्थानों पर 16 से 20 अगस्त तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, शिमला और सिरमौर जिलों के कुछ जलग्रहण और आसपास के क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आने का हल्का खतरा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *