एमसी गुरप्रीत कौर उभा डीसी मोहाली को संभालकी सरकारी भूमि और वार्ड 41 की समस्याओं से जुड़ा मांग पत्र सौंपते हुए।

संभालकी की सरकारी भूमि पर बिना बोली अवैध कब्जे की उच्च स्तरीय जांच हो, दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई: एमसी गुरप्रीत कौर उभा ने डीसी मोहाली को सौंपा मांग पत्र

Spread the love

​सरकारी संपत्ति की सुरक्षा और जनहित पहली प्राथमिकता: सेक्टर 85, 86, 88 व नानू माजरा में सीवरेज, पानी, सफाई व स्ट्रीट लाइटों के स्थाई समाधान की उठाई मांग; डीसी ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

​पंजाब दस्तक / सुरेंद्र राणा
मोहाली
:​नगर निगम मोहाली के वार्ड नंबर 41 की पार्षद (एमसी) गुरप्रीत कौर उभा ने डिप्टी कमिश्नर मोहाली श्रीमती कोमल मित्तल से विशेष मुलाकात की और वार्ड नंबर 41 व संभालकी से जुड़े महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को लेकर एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा। मुलाकात के दौरान पार्षद उभा ने जनहित के मामलों के साथ-साथ सरकारी व पंचायत भूमि के रखरखाव का मुद्दा बेहद प्रमुखता से उठाया।


​पंचायत व सरकारी भूमि पर बिना बोली कथित कब्जे की निष्पक्ष जांच की मांग
​पार्षद गुरप्रीत कौर उभा ने डिप्टी कमिश्नर के समक्ष संभालकी की पंचायत व सरकारी भूमि पर बिना किसी बोली के किए गए कथित अवैध कब्जे का मामला अत्यंत गंभीरता से उठाया। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच करवाई जाए। यह जांच होना अति आवश्यक है कि यह कथित कब्जा किसने और किसके संरक्षण अथवा मिलीभगत से किया है।


​उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जांच के दौरान कोई व्यक्ति, अधिकारी या अन्य पक्ष इस साजिश या गैरकानूनी गतिविधि में शामिल पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए और पंचायत व सरकारी भूमि को तत्काल कब्जा मुक्त करवाया जाए।


​वार्ड 41 में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली पर जताया रोष
​मुलाकात के दौरान पार्षद उभा ने डीसी के ध्यान में लाया कि वार्ड नंबर 41 के अंतर्गत आते वेव स्टेट (सेक्टर 85), सेक्टर 85, सेक्टर 86, सेक्टर 88, संभालकी और नानू माजरा में नागरिक सुविधाओं का बुरा हाल है। क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की अत्यंत खराब स्थिति, सीवरेज की समस्या, वर्षा के पानी की निकासी, पेयजल की अपर्याप्त आपूर्ति, खराब स्ट्रीट लाइटों तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से इन सभी समस्याओं का जल्द से जल्द स्थाई समाधान करने की पुरजोर मांग की।


​डीसी ने तुरंत अधिकारियों को दिए निर्देश
​डिप्टी कमिश्नर श्रीमती कोमल मित्तल ने पार्षद द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को बेहद गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित विभागों के प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई करने के सख्त निर्देश जारी किए। डीसी ने आश्वासन दिया कि जनहित और सरकारी संपत्ति से जुड़े सभी मामलों में नियमानुसार उचित व त्वरित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


​हर मंच पर उठा रही हैं आवाज, जनता में भारी उत्साह
​गौरतलब है कि पार्षद गुरप्रीत कौर उभा वार्ड 41 के विकास और जनसमस्याओं को लेकर दिन-रात एक कर रही हैं। हाल ही में नगर निगम की हाउस मीटिंग के दौरान भी उन्होंने हाथों में पोस्टर उठाकर और एक-एक मुद्दा पढ़कर मेयर के सामने रखा था तथा निगम प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया था।


​चाहे नगर निगम का हाउस हो या जिला प्रशासन का दरबार, वह जनहित के मुद्दों को उठाने के लिए कोई भी मंच नहीं छोड़ रही हैं। उनके इस जुझारू और पारदर्शी कार्यशैली से क्षेत्र के निवासी अत्यंत प्रभावित और बेहद खुश हैं।


​”सरकारी संपत्ति की रक्षा और जनता की सेवा मेरी पहली प्राथमिकता”
​’पंजाब दस्तक’ से विशेष बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति की संभाल करना और वार्ड वासियों की समस्याओं का समाधान करवाना उनकी सबसे पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा, पारदर्शिता और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उनका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा तथा जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को हर मंच पर पूरी दृढ़ता के साथ उठाया जाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *