शिमला कोर ग्रुप की बैठक में तय हुआ आर-पार का ‘रोडमैप’, झूठी गारंटियों के खिलाफ हर गांव-शहर में गरजेगी भाजपा
विशेष रिपोर्ट: सुरेंद्र राणा (ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक)
शिमला:हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर भारतीय जनता पार्टी ने सत्तापक्ष के खिलाफ अब तक के सबसे बड़े और निर्णायक फ्रंट का ऐलान कर दिया है। शिमला के चक्कर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित सीनियर लीडरशिप की बेहद संवेदनशील और हाई-प्रोफाइल कोर ग्रुप की बैठक में सुक्खू सरकार की प्रशासनिक विफलताओं, नीतिगत पंगुता और अधूरी गारंटियों को पूरी तरह बेनकाब करने के लिए एक ‘विस्तृत और प्रामाणिक चार्जशीट’ (आरोप पत्र) तैयार करने का ऐतिहासिक फैसला लिया गया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इस हाई-वोल्टेज बैठक के बाद कड़े तेवर दिखाते हुए साफ किया कि भाजपा अब सिर्फ विरोध नहीं करेगी, बल्कि अपनी पूरी टीम के साथ खुद धरातल पर उतरकर अगले एक साल का ऐसा आक्रामक रोडमैप तैयार कर चुकी है जो जनता की सबसे सशक्त आवाज बनेगा। डॉ. बिंदल ने दोटूक कहा, “यह चार्जशीट कोई रूटीन राजनीतिक शिकायती पत्र नहीं है, बल्कि यह कांग्रेस सरकार द्वारा सूबे की जनता के साथ किए गए धोखे और वादाखिलाफी का एक-एक सबूत समेटे हुए वो ‘कच्चा-चिट्ठा’ है, जिसे भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता खुद अपने हाथों से हर शहर, हर कस्बे और हर गांव के घर-घर तक पहुंचाएगा।”
मुख्यमंत्री के अपने ‘गढ़’ में भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ: डॉ. बिंदल
कांग्रेस की अंदरूनी कमजोरी और जनता के आक्रोश का हवाला देते हुए डॉ. राजीव बिंदल ने हालिया नगर निगम (कॉरपोरेशन) चुनावों के नतीजों पर एक बड़ा और रणनीतिक खुलासा किया। उन्होंने कहा कि स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री के अपने गृह जिले के भीतर भी 19 में से 18 लोग चट्टान की तरह भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़े नजर आए।
डॉ. बिंदल ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता पक्ष ने सरकारी मशीनरी का नंगा नाच किया, पार्षदों की खरीद-फरोख्त (हॉर्स ट्रेडिंग) के लिए साम-दाम-दंड-भेद सब आजमा लिए, लेकिन भाजपा की मजबूत टीम और अटूट एकजुटता के आगे कांग्रेस के सारे मंसूबे ध्वस्त हो गए। भाजपा ने न सिर्फ अपनी ताकत दिखाई, बल्कि मेयर और डिप्टी मेयर दोनों पदों पर शानदार कब्जा जमाया। बिंदल ने दहाड़ते हुए कहा कि इन नतीजों ने पूरे उत्तर भारत को एक बेहद स्पष्ट और बड़ा राजनीतिक संदेश दे दिया है कि “हिमाचल प्रदेश से अब कांग्रेस की विदाई तय है और भाजपा का आना शत-प्रतिशत निश्चित है।”
धोखे और आर्थिक आपातकाल का एक-एक हिसाब मांगेगी भाजपा
कोर ग्रुप की इस महा-बैठक में यह रणनीति तय की गई है कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के जिस भी वर्ग को छला है, उस धोखे को अब बड़े पैमाने पर राष्ट्रीय स्तर तक उजागर किया जाएगा। डॉ. बिंदल ने मुख्य रूप से निम्नलिखित मुद्दों पर सरकार को घेरा:
युवा और नारी शक्ति से महा-छलावा: रोजगार के झूठे दावों से ठगे गए बेरोजगार युवक-युवतियों और आर्थिक सहायता की आस में बैठी महिलाओं के साथ हुए विश्वासघात को भाजपा जनता की अदालत में लेकर जाएगी।
किसान और बागवान बेहाल: प्रदेश की रीढ़ माने जाने वाले कृषि और बागवानी क्षेत्र के लिए की गई तमाम बड़ी घोषणाएं आज धरातल पर दम तोड़ चुकी हैं।
जनता पर टैक्स का ‘आर्थिक बोझ’: विकास के नाम पर एक ईंट न लगाने वाली सरकार ने जनहित की योजनाओं को ठप कर दिया है, भ्रष्टाचार चरम पर है और आम जनता पर बेतहाशा टैक्स, शुल्क और आर्थिक भार लादकर उनका जीना मुहाल कर दिया गया है। कई सरकारी संस्थानों का अस्तित्व आज अनिश्चितता के भंवर में है।
डॉ. बिंदल ने अंत में साफ शब्दों में चेतावनी दी कि भाजपा इस प्रचंड जनसमर्थन और नैतिक जीत के साथ पूरे सूबे में एक व्यापक, लोकतांत्रिक जन-जागरण आंदोलन शुरू करने जा रही है, जो इस सरकार की कथनी और करनी के खौफनाक अंतर को जनता के सामने पूरी तरह नंगा करके रख देगा।
