अखिलेश और राहुल गांधी पर तीखा हमला: बोले- ‘इंडी गठबंधन में न नेता है, न नीति और नियत में खोट’
सुरेंद्र राणा, पंजाब दस्तक (लोकसभा पार्लियामेंट):
लोकसभा में नीट (NEET) और पेपर लीक के अति-संवेदनशील मुद्दे पर चर्चा के दौरान हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए सीधा और तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश का युवा परीक्षा प्रणाली में सुधार और पारदर्शी व्यवस्था की मांग करने आया है, न कि सड़कों पर उपद्रव मचाने।
’युवाओं ने समाजवादी पार्टी को भगाया, राहुल गांधी में जाने की हिम्मत नहीं हुई’
सदन में विपक्षी दलों को बेनकाब करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा:
”देश का युवा पेपर लीक पर बात करने आया था, बेहतर सिस्टम की मांग करने आया था। वह पुलिस की गाड़ियां जलाने या पुलिस को पीटने नहीं आया था। जब समाजवादी पार्टी के सांसद वहां गए तो युवाओं ने उन्हें भी यह कहकर भगा दिया कि आपका ट्रैक रिकॉर्ड ही ऐसा है, आपको कौन स्वीकार करेगा?”
उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी तो उस आंदोलन में जाने तक की हिम्मत नहीं जुटा पाए और बाहर जाकर बैठ गए। इंडी (INDI) गठबंधन के बिखराव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी समाजवादी पार्टी और अन्य सहयोगियों को छोड़कर अकेले ही श्रेय लूटने की होड़ में लग गए। इससे साफ है कि इस गठबंधन में न तो कोई नेता है, न नीति है और नियत में तो पहले दिन से ही खोट है।
कांग्रेस शासनकाल के पेपर लीक की लंबी सूची गिनाकर घेरा
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए उसके शासनकाल में हुए पेपर लीक की पूरी सूची सदन के सामने रखी और पूछा कि तब किसकी सरकार थी?
2007: एमबीबीएस पोस्ट ग्रेजुएट, AIEEE और सीबीएसई 12वीं अकाउंटेंसी पेपर लीक — सरकार किसकी थी? कांग्रेस की।
2007 – 2008: ICAI CPT और पीएमटी (PMT) पेपर लीक — सरकार किसकी थी? कांग्रेस की।
2009: क्लैट (CLAT), रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड और हरियाणा पेपर लीक — सरकार किसकी थी? कांग्रेस की।
2011 – 2012: AIEEE, एम्स एमबीबीएस, जेके मेडिकल एंट्रेंस, मुंबई यूनिवर्सिटी और रेलवे ग्रुप डी पेपर लीक — सरकार किसकी थी? कांग्रेस की।
2013: महाराष्ट्र HSC, राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS), कर्नाटक PUC और एसएससी सीजीएल (SSC CGL) पेपर लीक — सरकार किसकी थी? कांग्रेस की।
2014: सीबीएसई क्लास 12th इकोनॉमिक्स और क्लास 10th पेपर लीक — सरकार किसकी थी? कांग्रेस की।
’अखिलेश और मुलायम सिंह कहते थे- थोड़ी-थोड़ी नकल तो चलती है’
अनुराग ठाकुर ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के पुराने बयानों को याद दिलाते हुए कहा:
”अखिलेश यादव कहते थे कि ‘नकल तो हम सबने की होगी, थोड़ी-थोड़ी नकल तो चलती है, सब कर लेंगे तो क्या हो जाएगा?’ और सत्ता में आने पर चीटिंग करने वालों को छोड़ने का वादा करते थे। यह इनका असली चेहरा है।”
उन्होंने कहा कि इसके विपरीत जब यूपी में कल्याण सिंह जी की सरकार थी और राजनाथ सिंह जी शिक्षा मंत्री थे, तब भाजपा सरकार ही शिक्षा में सुधार के लिए कठोर एंटी-चीटिंग लॉ लेकर आई थी।
’पेपर लीक माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम करेगी मोदी सरकार’
सांसद अनुराग ठाकुर ने देश के युवाओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि देश में पहला राष्ट्रीय एंटी-चीटिंग लॉ (Public Examinations Act) 2024 में नरेंद्र मोदी जी की सरकार ही लेकर आई है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो लोग पेपर लीक के कसूरवार हैं और जो माफिया इसमें शामिल हैं, उन्हें ‘मिट्टी में मिलाने का काम’ नरेंद्र मोदी की सरकार करेगी। केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पंजाब दस्तक से जुड़े रहें:
ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज और निष्पक्ष विश्लेषण देखने के लिए देखते रहें पंजाब दस्तक। हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें और सोशल मीडिया पेजों को फॉलो करें।
यदि आपके पास भी अपने गांव, शहर या पंचायत से जुड़ी कोई भी समस्या या खबर है, तो आप पंजाब दस्तक के अधिकृत नंबर 9418055488 पर भेज सकते हैं।
आपकी हर बात को जिला प्रशासन, राज्य सरकार और देश तक पहुंचाकर आपकी आवाज को बुलंद किया जाएगा—क्योंकि हम आपका आईना हैं और पूरी तरह से आपके प्रति वचनबद्ध हैं।
