खाई में गिरी कार; युवती की मौत, माता-पिता समेत चार गंभीर

Spread the love

सोलन, ओमांश:सोलन जिले में रफ्तार और सर्पिली सड़कों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कंडाघाट-चायल मार्ग पर मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां दोची के समीप एक कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में 23 वर्षीय एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता समेत परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खाई में गिरने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह एक परिवार कार में सवार होकर चायल से सोलन की ओर जा रहा था। जैसे वे दोची के पास पहुंचे, चालक ने कार से अचानक नियंत्रण खो दिया। गाड़ी सड़क से नीचे उतरी और सीधे गहरी खाई में जा गिरी। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।

स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस टीम ने खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला। हादसे में तोता राम, कौशल्या, सुनीता और निर्मला (निवासी चायल कोटी) को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, तोता राम की 23 वर्षीय बेटी पूजा ने घावों के ताव न सहते हुए मौके पर ही दम तोड़ दिया। 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत कंडाघाट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *