शिमला: सुरेंद्र राणा,पुलिस थाना चिडग़ांव के अंतर्गत देवीधार रनोल संपर्क मार्ग पर एलटी कैंची के पास एक पिकअप गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार दो लोगों की मौत की दुखद घटना सामने आई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ यह घटना गत शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है, जिसका पता शनिवार सुबह ही चल पाया। शनिवार को आसपास के लोगों ने एक पिकअप को खेत में क्षतिग्रस्त हालत में देखा, जिसमें दो लोगों को मृत अवस्था मे पाया गया। इस घटना से क्षेत्र में मातम का माहौल पसर गया है। इस हादसे में मृतकों की पहचान लोकेंदर व वीरेंद्र कुमार गांव रनोल उपतहसील जांगला जिला शिमला के रूप मे हुई है। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस की टीम ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए संदासु पहुंचाया। डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान ने बताया कि पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर हादसे को लेकर मामला दर्ज कर छानवीन शुरू कर ली है।
शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष सुरेंदर रेटका ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस हादसे को लेकर विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिवार को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। इस सडक़ हादसे में सवार दो लोगों की मौत की घटना के बाद क्षेत्र में माहौल गमगीन हो गया।
