चिट्टे के सौदागरों पर शिमला पुलिस का कड़ा प्रहार, यूपी से मुख्य सप्लायर सलमान हैदर को किया गिरफ्तार

Spread the love

शिमला” सुरेंद्र राणा,शिमला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। रोहड़ू और कोटखाई में दर्ज मामलों की गहन जांच के दौरान पुलिस ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और चंडीगढ़ तक फैली चिट्टा सप्लाई चेन को ट्रेस करते हुए कई मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। एएसपी शिमला अभिषेक ने बताया कि तकनीकी जांच, कॉल डिटेल और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस लगातार बैकवर्ड लिंकिज तक पहुंच रही है और छोटे पेडलरों के साथ-साथ पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा रहा है।

एएसपी शिमला (हेडक्वार्टर) अभिषेक ने शिमला में प्रेस वार्ता कर बताया कि शिमला पुलिस की नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। थाना रोहड़ू में दर्ज मामले में पुलिस ने पहले 53 ग्राम चिट्टा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और डिजिटल जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी लंबे समय से उत्तर प्रदेश निवासी सलमान हैदर के जरिए चिट्टा मंगवाकर रोहड़ू क्षेत्र में बेच रहा था। पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश में दबिश देकर सलमान हैदर को गिरफ्तार किया, जिसके बाद जांच पंजाब तक पहुंची। तकनीकी विश्लेषण और आर्थिक लेन-देन के साक्ष्यों के आधार पर गुरदासपुर पंजाब निवासी मुख्य सप्लायर थोमस मसीह को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं उन्होंने बताया कि कोटखाई में दर्ज दूसरे मामले में पुलिस ने पिस्टल, Meth Crystal Ice और हेरोइन के साथ पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद चंडीगढ़ तक फैले नेटवर्क का खुलासा किया। मामले में मुख्य सप्लायर गोलू निवासी दड़ूमाजरा, चंडीगढ़ को गिरफ्तार किया गया है। एएसपी शिमला अभिषेक ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक बैकवर्ड लिंकिज के आधार पर 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो पिछले वर्षों की तुलना में सबसे अधिक है। वहीं 24 बड़े नशा तस्करी नेटवर्क ध्वस्त किए गए हैं, जिनकी सप्लाई चेन पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और केरल तक फैली हुई थी। शिमला पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *