इंटेलिजेंस एजेंसियों ने दिल्ली में आतंकी हमले का अलर्ट जारी किया है। रिपोर्ट में सूत्रों के आधार पर यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा मुख्यालय और आसपास की सरकारी इमारतों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। एजेंसियों को शक है कि दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग स्थित कार्यालयों को आत्मघाती हमलों, कार ब्लास्ट, गोलीबारी या आईईडी के जरिए निशाना बनाया जा सकता है। किसी भी खतरे को टालने के लिए सुरक्षा बलों ने निगरानी और एहतियाती कदम बढ़ा दिए हैं।पुलिस और सुरक्षा बलों ने अतिरिक्त जवानों की तैनाती, चेकिंग और सीसीटीवी निगरानी बढ़ा दी है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बैरिकेडिंग और वाहनों की रैंडम चैकिंग के साथ-साथ सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को रोकने के लिए आपसी तालमेल से काम कर रही हैं। बम निरोधक दस्तों, स्निफर डॉग यूनिट्स और क्विक रिएक्शन टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस को संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों, लावारिस वस्तुओं और खड़े वाहनों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है।
