शिमला, सुरेंद्र राणा प्रदेश के चार नगर निगमों के चुनावों में पार्टी निर्णय की खिलाफत कर मैदान में उतरने वालों को कांग्रेस ने आगाह किया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि पार्टी निर्णय के खिलाफ काम करने वालों पर नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पार्टी ने अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय चुनावी रण में कूदने वालों से मैदान से हटने का आग्रह किया है। कुल-मिलाकर पार्टी निर्णय को न मानकर नगर निगम चुनावों में कूदने वालों पर पार्टी सख्त हो गई है और अपना स्पष्ट संदेश भी दे दिया है। हिमाचल कांग्रेस के अध्यक्ष विनय कुमार ने चार नगर निगमों में पार्टी अधिकृत प्रत्याशी के समकक्ष बतौर निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से हटने का आग्रह किया है।
उन्होंने ऐसे नेताओं व कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की चुनाव समिति के निर्णय का आदर करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में चुनाव वॉर रूम सब पर कड़ी निगरानी रखते हुए इस पर अपनी कड़ी नजऱ रखेगा और इसकी पूरी रिपोर्ट उन्हें समय समय पर देगा। बता दें कि प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के साथ-साथ नगर परिषद व पंचायतों समेत नगर निगम धर्मशाला, पालमपुर, मंडी और सोलन में चुनाव हो रहे हैं। चारों नगर निगमों में कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों से बागी होकर नेता व कार्यकर्ता मैदान में उतरे हंै। सोमवार को नामांकन छंटनी की प्रक्रिया आरंभ हुई है और छह मई को नाम वापस लेने का दिन है।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि नगर निगमों, पंचायती राज संस्थाओं व नगर निकाय चुनावों में बेहतरीन कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को संगठन में विशेष सम्मान के साथ नवाजा जाएगा। बकौल विनय कुमार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनहित के कार्यों को पूरी प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि उन्हें चुनाव से संबंधित जो भी जिम्मेदारी दी गई है, उसे उन्हें पूरी निष्ठा व ईमानदारी से पूरा करना होगा।
