शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश में मौसम के हुए परिवर्तन के चलते रविवार सुबह 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज आंधी के साथ वर्षा का दौर भी शुरू हो गया। सुबह से ही राजधानी शिमला सहित राज्य के कई क्षेत्रो में तेज बारिश हुई। जबकि ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ है। धर्मशाला में ओलावृष्टि हुई है। बिलासपुर में 44 किलोमीटर की रफ्तार से तेज आंधी चली। वर्षा और आंधी के कारण सेब सहित अन्य फलों और फलदार पौधों को नुकसान हुआ है, जबकि गेहूं को भी कई स्थानों पर नुकसान हुआ है। तेज हवाओं के कारण कई जगह घरों की छतों के भी उडऩे की सूचना है। रविवार को दोपहर के समय एक बार फिर से कुछ देर के लिए तेज बारिश के साथ कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी देखने को मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 4 मई को चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला सहित सोलन और सिरमौर में 40 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चलने और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 5 मई को चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला में तेज हवाओं और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।इस दौरान ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात और निचले क्षेत्रों में व्यापक वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम के पुर्वानुमान की बात की जाए तो राज्य में चार और 5 मई को अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। उसके बाद हालांकि पश्चिमी विक्षोभ कुछ ढ़ीला पड़ेगा लेकिन 7 मई तक हल्की से तज बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं इसके अलावा 8 और 9 मई को मध्यव व उंचाई वाले क्षेत्रो में हल्की बारिश हो सकती है।यहां हुई सबसे अधिक वर्षाप्रदेश में सबसे अधिक वर्षा पालमपुर में 30, रामपुर में 29, रोहड़ू में 25, सराहन में 28 बिलासपुर में 20 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश की ऊंची चोटियों रोहतांग, बारालाचा और शिंकुला में हल्का हिमपात हुआ है। कुफरी, मशोबरा में ओलावृष्टि हुई।
